UP के पूर्व एमएलसी व चेयरमैन पर्यटन विकास परिषद रहे वयोवृद्ध नेता बीडी शर्मा का निधन

उत्तरप्रदेश के पूर्व एमएलसी व चेयरमैन पर्यटन विकास परिषद रहे वयोवृद्ध नेता बीडी शर्मा (97) का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार मिलते ही नगर क्षेत्र में शोक छा गया। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को द्वाराहाट के विभांडेश्वर श्मशान घाट पर किया जाएगा। 
वर्ष 1922 में द्वाराहाट ब्लॉक के खरक गांव में जन्मे बीडी शर्मा राजनीति क्षेत्र में अच्छा मुकाम रखते थे। पूर्ववर्ती उत्तर प्रदेश या हो फिर उत्तराखंड राज्य दोनों में ही उनके राजनेताओं से अच्छे संबंध रहे। 1972 से 1976 तक उप्र में एमएलसी रहे, वहीं 1982 से 90 तक पर्यटन विकास परिषद के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी निभाई। उनको राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था, जो उत्तराखंड राज्य बनने के बाद भी उनके पास रहा। स्व. शर्मा के पौत्र भाजपा जिला महामंत्री प्रेम शर्मा व त्रिभुवन शर्मा ने बताया कि वह कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बीडी शर्मा के निधन पर दुख जताया है, कहा है कि वह अपने समय के जूझारू नेता रहे थे। दिल्ली, लखनऊ की केंद्रीय राजनीति तक उनकी पकड़ थी, इतनी उम्र के बाद भी वह एकदम जीवंत दिखते थे। उनका जाना बेहद दुखद रहा है।





