उदयपुर-कटरा-वैष्णोदेवी ट्रेन का दादरी स्टेशन पर ठहराव शुरू

हरियाणा के चरखी दादरी में दादरी रेलवे स्टेशन पर बुधवार से उदयपुर-कटरा-वैष्णोदेवी ट्रेन का ठहराव शुरू हो गया है। सप्ताह में दो दिन इस ट्रेन का दादरी स्टेशन से आवागमन होगा और दो बार दो-दो मिनट का ठहराव होगा। ट्रेन ठहराव के पहले दिन जिले से किसी भी यात्री ने वैष्णोदेवी की यात्रा नहीं की। हालांकि दो यात्रियों ने जालंधर कैंट तक सफर कर इस ट्रेन सेवा का लाभ जरूर उठाया।

जिले के श्रद्धालुओं को माता वैष्णोदेवी दर्शन के लिए उदयपुर-कटरा-वैष्णोदेवी विशेष ट्रेन का संचालन मंगलवार शाम से शुरू किया गया है। ये ट्रेन बुधवार को अपने निर्धारित समय दोपहर 12:23 बजे दादरी स्टेशन पर पहुंची। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 12:25 बजे कटरा व वैष्णोदेवी के लिए रवाना हो गई। हालांकि पहले दिन दादरी रेलवे स्टेशन से कटरा या वैष्णोदेवी का कोई टिकट नहीं कटा।

पहले रेवाड़ी, दिल्ली और हिसार से पकड़नी पड़ती थी ट्रेन
इस ट्रेन का पहले दादरी स्टेशन पर ठहराव नहीं था। इस कारण कटरा व वैष्णोदेवी समेत उदयपुर की तरफ यात्रा करने वाले मुसाफिरों को रेवाड़ी, दिल्ली या हिसार जाकर ये ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। अब यात्री दादरी स्टेशन से ट्रेन सेवा का लाभ ले सकेंगे।

शुक्रवार को वापसी करेगी ट्रेन
अब ये ट्रेन वैष्णोदेवी से चलकर कटरा होकर शुक्रवार को दादरी स्टेशन पर पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 09645 शनिवार रात 8:25 बजे दादरी रेलवे स्टेशन आएगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 8:27 बजे उदयपुर के लिए रवाना हो जाएगी।

जिले के लोगों को गाड़ी के ठहराव के बारे में अभी जानकारी नहीं है। पहले दिन 10 यात्रियों ने उदयपुर- कटरा-वैष्णोदेवी ट्रेन के ठहराव का लाभ उठाते हुए विभिन्न शहरों के लिए सफर किया। आने वाले समय में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।

Back to top button