20 फीट की ऊंचाई से गिरा 2 साल का मासूम, मां धो रही थी बाथरूम में कपड़े
भोपाल.कोलार के बंजारी स्थित डुप्लेक्स से गिरकर दो साल के मासूम की मंगलवार शाम मौत हो गई। वह छत की तीन फीट ऊंची रैलिंग पर चढ़ गया और पहली मंजिल की ग्रिल से टकराते हुए करीब बीस फीट नीचे जमीन पर आ गिरा। हादसे के वक्त उसकी बहन सो रही थी, जबकि मां बाथरूम में कपड़े धो रही थी।

बंजारी स्थित एक डुप्लेक्स में किराए के कमरे में रहने वाले रामअवतार कटारे जेके अस्पताल में अटेंडर हैं। वे यहां पत्नी, दो बेटों और एक बेटी के साथ रहते हैं। उनका सबसे छोटा बेटा शुभम आने वाली दो नवंबर को दो साल का पूरा होता। बड़े भाई केदारनाथ कटारे ने बताया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे शुभम की बहन सो रही थी। मां शुभम को छत पर खेलता छोड़कर बाथरूम में कपड़े धोने लगी। इसी बीच शुभम घुटने चलते हुए छत की रेलिंग तक जा पहुंचा। रेलिंग में बने खांचों के बीच पैर रखकर वह तीन फीट ऊंची रेलिंग पर चढ़ गया। तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। पहली मंजिल पर लगी ग्रिल से उसका सिर टकराया और वह जमीन पर जा गिरा। मां उसे लेकर अस्पताल पहुंची। रामअवतार यहां पहले से ही मौजूद थे।
दो घंटे में तोड़ा दम
शुभम का इलाज शुरू हुआ लेकिन दो घंटे बाद ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर कोलार पुलिस भी मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर लिया। पुलिस के मुताबिक रामअवतार यहां एक साल पहले ही रहने आए थे।





