सुप्रीम कोर्ट के कुक की बेटी को मिली दो अमेरिकी विश्वविद्यालयों की छात्रवृत्ति

प्रधान न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और सुप्रीम कोर्ट के अन्य न्यायाधीशों ने अमेरिका के दो अलग-अलग विश्वविद्यालयों में कानून की स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्राप्त करने पर बुधवार को शीर्ष अदालत के एक कुक अजय कुमार सामल की बेटी प्रज्ञा को सम्मानित किया।

सीजेआई ने प्रज्ञा को तीन पुस्तकें भेंट की
प्रज्ञा को कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय और मिशिगन विश्वविद्यालय की छात्रवृत्ति मिली है। दैनिक कामकाज प्रारंभ होने से पहले सुप्रीम कोर्ट के सभी न्यायाधीश जज लाउंज में एकत्रित हुए और 25 वर्षीय प्रज्ञा का खड़े होकर स्वागत किया।

प्रज्ञा ने मुस्कराकर और हाथ जोड़कर सभी जजों का आभार व्यक्त किया। जस्टिस चंद्रचूड़ ने प्रज्ञा को भारतीय संविधान पर तीन पुस्तकें भेंट कीं जिन पर सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों ने हस्ताक्षर किए थे।

जजों ने प्रज्ञा के माता-पिता को भी किया सम्मानित
युवा वकील को सम्मानित करने के बाद प्रधान न्यायाधीश ने कहा,”हमें पता है कि प्रज्ञा ने अपने दम पर उपलब्धि हासिल की है, लेकिन हम सुनिश्चित करेंगे कि जो भी जरूरी है वह उसे मिले। हम आशा करते हैं कि वह देश की सेवा करने के लिए वापस आएगी।”

अन्य न्यायाधीशों ने भी प्रज्ञा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जस्टिस चंद्रचूड़ ने सामल व उनकी पत्नी को भी शॉल पहनाकर सम्मानित किया।

Back to top button