कार की टक्‍कर से बाइक सवार दो दोस्‍तों की हुई मौत

जगाधरी पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग 73ए पर भिलपुरा के पास गति से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक पर सवार 19 वर्षीय राहुल कुमार व 17 वर्षीय रजत कुमार की मौत हो गई। दोनों दोस्त अपने जानकार के बेटे के जन्मदिन के समारोह से लौट रहे थे। दोनों इकलौते बेटे थे। पुलिस ने दाेनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया। मामले में आरोपित कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।

याकुबपुर निवासी राहुल कुमार अपने दोस्त छछरौली निवासी रजत कुमार के साथ छछरौली बाजार स्थित सेठी क्लेक्शन पर कार्य करते थे। वीरवार की रात को वह दुकान से काम खत्म करने के बाद गांव भिलपुरा निवासी सुनील कुमार के घर पर जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। वहां से देर रात दोनों एक ही बाइक पर वापस लौट रहे थे। बाइक राहुल चला रहा था, जबकि रजत पीछे बैठा हुआ था। जब वह जगाधरी पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भिलपुरा बस अड्डे से आगे कौशिक ढाबा के पास पहुंचे, तो जगाधरी की तरफ से रफ्तार से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई।

रजत व राहुल दोनों सड़क पर गिरे। इस दौरान कार चालक काफी दूर तक दोनों को घसीटते हुए लेकर गया। हादसे के बाद आरोपित चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। जबकि दोनों घायल राहुल व रजत सड़क पर पड़े रहे। बाद में राहगीरों ने उन्हें देखा, तो सूचना कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद एंबुलेंस पहुंची और दोनों घायलों को सिविल अस्पताल भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। छछरौली थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह का कहना है कि आरोपित कार चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।

ट्रैक्टर ट्राली में टकराई बाइक, अधेड़ की मौत

जगाधरी पांवटा साहिब हाईवे पर गांव अराईयांवाला के पास बाइक सवार ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। जिसमें बाइक सवार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव डिंडौली खेड़ा निवासी 45 वर्षीय शमीम खान की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा उसका भतीजा शाह आलम भी घायल हो गया।

शाह आलम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गांव खिजरी में पूर्व विधायक असलम खान के गांव खिजरी में फार्म पर पिछले तीन सालों से नौकरी कर रहा है। उसका चाचा शमीम खान भी यहां पूर्व विधायक के बेटे की कार पर ड्राइवर था। इस समय चाचा यहां जगाधरी में किराये के मकान में परिवार सहित रह रहा था। चाचा शमीम खान गांव खिजरी में उसके पास आए हुए थे। यहां से वह दोनों बाइक पर गांव डिंडौली के निकले। जब वह पांवटा रोड पर गांव अराईयांवाला के पास पहुंचे, तो आगे चल रहे ट्रैक्टर ट्राली चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे पीछे से उनकी बाइक ट्राली में जा टकराई। इसमें शमीम खान घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपित चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गया। हादसे में घायल शमीम खान को अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत बता दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया।

ट्रैक्टर व कार की भिडंत में युवक की मौत

प्रतापनगर-बिलासपुर रोड पर अनियंत्रित कार व ट्रैक्टर की भिडंत हो गई। जिसमें ट्रैक्टर से उछलकर फकीर माजरी निवासी 20 वर्षीय राकिब की मौत हो गई। पुलिस को दिए बयानों में रमजान ने बताया कि वह अपने भांजे रकीब के धान लेकर अनाज मंडी प्रतापनगर आया हुआ था। उसने शहजादवाला निवासी अंकित का सोनालिका ट्रैक्टर धान लाने के लिए मांग रखा था। जब वह अनाज मंडी प्रतापनगर में धान बेचकर वापस फकीर माजरा लौट रहे थे। तभी प्रतापनगर के पास गांव भंगेड़ी मोड पर अचानक एक सफेद रंग की स्वीफ्ट कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। टक्कर लगने से ट्रैक्टर पर साइड में बैठा राकिब उछलकर सड़क पर जा गिरा। सिर सड़क में लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत बता दिया। हादसे के बाद आरोपित चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। प्रतापनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।

हादसे में घायल युवक की मौत

विश्वकर्मा चौक के पास बाइक की टक्कर से घायल बाइक सवार 35 वर्षीय जितेंद्र कुमार की मौत हो गई। 24 अक्टूबर को वह हादसे में घायल हुआ था। यहां अस्पताल से उसकी गंभीर हालत देखते हुए पीजीआइ रेफर किया गया था। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। विशाल कालोनी निवासी बिलाल अहमद ने बताया कि 24 अक्टूबर को वह अपने दोस्त विजय कालोनी निवासी 30 वर्षीय कुंदन कुमार के साथ खेतों की ओर से गया था। जब वह रेलवे ओवर ब्रिज पर पहुंचे, तो उनके सामने से गति से आ रहे बाइक सवार ने आगे जा रहे बाइक सवार जितेंद्र को टक्कर मार दी थी। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।

Back to top button