हादसे से बची मानिकपुर में तुलसी एक्सप्रेस, होगा लोको पायलट सम्मानित

चित्रकूट। इलाहाबाद मंडल के मानिकपुर-नैनी खंड के बेवारा-लोहगरा स्टेशन के बीच बुधवार को डाउन लाइन पर रेलवे पटरी टूट गई। पेट्रोलमैन की सतर्कता से रेल हादसा टल गया। पटरी टूटने के कारण एक घंटे रूट प्रभावित रहा। सतर्कता के लिए पेट्रोलमैन, लोको पायलट समेत तीन रेल कर्मियों को संरक्षा पुरस्कार दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मनिकपुर स्टेशन के पास वास्कोडिगामा एक्सप्रेस हादसे में काफी जनधन की हानि हुई थी।हादसे से बची मानिकपुर में तुलसी एक्सप्रेस, होगा लोको पायलट सम्मानित

दोपहर करीब 11.45 बजे बेवारा-लोहगरास्टेशन के बीच निरीक्षण करते समय पेट्रोलमैन श्याम ने लोहगरा स्टेशन के पास पटरी में फ्रैक्चर देखा तो सूचना स्टेशन मास्टर लोहगरा को दी। उन्होंने कंट्रोल रूम को अवगत कराया। कंट्रोल रूम की सूचना पर ट्रेन नंबर 22129 लोकमान्य तिलक-इलाहाबाद तुलसी एक्सप्रेस को लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ने रोक दिया। उसके पीछे दुर्ग से छपरा जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस भी रास्ते में रोक दी गई।

जहां पटरी टूटी हुई थी, वहां रेल कर्मियों ने क्लैंप लगाकर गाड़ी को 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से निकाला गया। लगभग 12.50 बजे सेक्शन का निरीक्षण कर उसे ठीक किया गया, उसके बाद रेल परिचालन को सुचारु कर दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गौरव कृष्ण बंसल का कहना है कि सतर्कता के लिए पेट्रोलमैन श्याम, आकस्मिक संदेश पर गाड़ी को नियंत्रित कर रोकने और संरक्षित परिचालन के लिए तुलसी एक्सप्रेस के लोको पायलट आरपी झा और सहायक लोको पायलट परमानंद मीना को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 

Back to top button