भीषण गर्मी से बचने के लिए महिला ने अपनी गाडी पर लगा दिया गाय का गोबर…

भीषण गर्मी और लू के गर्म थपेड़ों ने लोगों की हालत खराब कर दी है। इस मौसम से राहत पाने के लिए अहमदाबाद की एक महिला ने बड़ा ही अनोखा तरीका खोजा है। महिला ने कार को ठंडा रखने के लिए उसे ऊपर से गाय के गोबर से लेप दिया है। इस बेहद क्रियेटिव तरीके की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा है।
भारत में ऐसी मान्यता है कि गाय का गोबर दीवारों पर लगाने से वे ठंड में गरम और गर्मी में ठंडी रहती हैं। सैकड़ों वर्षों से जमीन को लेपने के लिए गाय के गोबर का इस्तेमाल किया जाता रहा है। यह माना जाता है कि गाय का गोबर लगा देने से मच्छर घर में नहीं आते हैं। ग्रामीण भारत में यह प्रथा आम है।
सोशल मीडिया पर लोग इसको लेकर तरह-तरह के सवाल भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि कार को ठंडा रखने के लिए गोबर की कितनी पर्तों का इस्तेमाल किया गया है? एक अन्य यूजर ने लिखा कि गाय के गोबर की दुर्गंध से कार के अंदर बैठे लोग कैसे बचते हैं।





