पंजाब: नवजोत सिद्धू ने कहा- सबूत तो नहीं हैं पर मजीठिया आरोप लगा रहा तो हम भी लगा रहे हैं
जालंधर.पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पर ड्रग तस्करी के आरोप लगाने वाले नवजोत सिद्धू बैकफुट पर दिख रहे हैं। शनिवार वह डॉक्टरों के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। उनसे पूछा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को मजीठिया के खिलाफ सबूत नहीं मिल रहे हैं और आप लगातार आरोप लगा रहे हैं। अगर आपके पास सबूत हैं तो क्यों नहीं आप कैप्टन को दे देते? सिद्धू ने जवाब दिया-सबूत अभी नहीं लेकिन जुटाए जा रहे हैं। फिर उनसे पूछा गया कि अगर सबूत नहीं हैं तो आप आरोप क्यों लगा रहे हैं? इस पर उनका जवाब था- वह आरोप लगा रहा है तो हम भी लगा रहे हैं। इसके बाद वे बात को घुमाते रहे। यही नहीं शुक्रवार जालंधर में हुई प्रेस कांफ्रेंस में मजीठिया के ड्रग माफिया के साथ संबंधों के आरोपों में कैप्टन और सिद्धू के बयान भी अलग-अलग थे।

शनिवार को कार्यक्रम में पहुंचे सिद्धू ने कहा, रोज दरबार साहिब में 1.2 लाख लोग माथा टेकने आते हैं। अगर इनमें से 70000 लोग पंजाब में एक रात भी रुक जाएं तो टूरिज्म कई गुणा आगे बढ़ जाएगा। पंजाब में रोजगार बढ़ जाएगा। उन्हें पंजाब में रोकना बहुत जरूरी है। स्थानीय होटल में आयोजित इंटरनेशनल कान्फ्रेंस में नींद की बीमारियों की दवाओं और इक्विपमेंट्स के स्टाल भी लगे थे। सिद्धू ने इन्हें भी देखा।
निगमों का थर्ड पार्टी ऑडिट शुरू, घोटालेदार बख्शेंगे नहीं
निगमोंकी कार्यप्रणाली में सुधार होने पर सिद्धू ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में एक भी कार्पोरेशन मुनाफे में नहीं रही। किसी भी निगम का थर्ड पार्टी ऑडिट नहीं हुआ था। अब कांग्रेस सरकार आई है तो यह शुरू हो रहा है। 12 लाख के एक ट्यूबवेल को लगाने का खर्च 35 लाख दिखाया जा रहा था। 1000 करोड़ के टेंडर्स की जांच में 700 टेंडर्स सिंगल पार्टी टेंडर थे। अब घोटाले करने वालों को जरूर ठोकेंगे।
मजीठिया की क्वालिफिकेशन सुखबीर का साला होना
सिद्धूने कहा कि सुखबीर और मजीठिया के कारण ही अकाली दल गुरदासपुर सीट हारा है। अकाली दल 15 सीटों तक पंजाब में सिमट जाएगा, यह किसी ने सोचा नहीं था। मजीठिया की क्वालिफिकेशन ही सुखबीर का साला होना है। उसे मंत्री भी बीबी हरसिमरत कौर बादल का भाई होने के कारण ही बनाया गया था। अकाली दल ने 10 साल में जो नुकसान किया, 6 महीने में ठीक करने की उम्मीद भी नहीं रखनी चाहिए।





