नवांशहर.स्थानीय उम्मटां मोहल्ला के स्त्री सत्संग भवन (राधा-कृष्ण मंदिर) से मंगलवार देर शाम माथा टेकने आए एक व्यक्ति ने शिवलिंग से करीब दो किलो चांदी के नाग देवता को चुरा लिया। चांदी के नाग को एक लोहे की जंजीर के साथ मजबूती के साथ रखा गया था, लेकिन चोर नाग देवता को एक साइड से तोड़ते हुए चुराकर ले गया।
ये था मामला…
मंदिर की पुजारिन सविता शर्मा ने बताया कि शाम सात बजे के करीब एक व्यक्ति मंदिर में माथा टेकने के लिए आया। उसके जाने के बाद जब वे मंदिर में गईं तो उन्होंने देखा कि शिवलिंग पर नाग नहीं थे। उन्होंने इसकी जानकारी मंदिर प्रबंधकों अन्य लोगों को दी। सविता शर्मा के अनुसार यह युवक कुछ दिन पहले भी मंदिर में टेवा दिखाने के लिए आया था तथा अगर वह उसके सामने आए तो वह चोर को पहचान सकती हैं। समाज सेवक ललित शर्मा ने बताया कि नाग करीब अढ़ाई किलो चांदी का था, जिसमें से करीब दो किलो चांदी चोरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है तथा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि स्त्री सत्संग भवन उम्मटां मोहल्ला के बीचों बीच ह। वहां पर इस तरह की घटना हैरान करने वाली है।