लखनऊ. राजधानी के उतरेठिया इलाके में बने सेंट जॉन विएनी स्कूल में एक टीचर ने स्कूल के स्टूडेंट पर दो मिनट के अंदर थप्पड़ों की बरसात कर दी। टीचर पर आरोप है कि रोल नम्बर बोलने पर तीसरी क्लास का स्टूडेंट अपनी सीट पर खड़ा होकर ‘यस’मैम नहीं बोला। इस पर नाराज टीचर ने 2 मिनट में 50 से ज्यादा थप्पड़ मारे। चेहरा नाखून से नोंच लिया और सिर ब्लैक बोर्ड पर भिड़ा दिया। बच्चे की हालात देखने के बाद पैरेंट्स ने इस मामले में पैरेंट्स ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पैरेंट्स की कंप्लेन पर स्कूल के प्रिंसिपल ने टीचर निकाल दिया है।
2 मिनट तक थप्पड़ों की बरसात
-लखनऊ के उतरेठिया के रहने वाले परविंद गुप्ता की बेटी नित्या और बेटा रितेश सेंट जान विएनी स्कूल में पढ़ते हैं। नित्या यूकेजी में है, जबकि 7 साल का रितेश थर्ड क्लास में है।
-पैरेंट्स के मुताबिक, रितेश मंगलवार को सुबह के वक्त स्कूल गया। वह सबसे आगे वाली सीट पर बैठा था। सातवें पीरियड में टीचर रितिका आईं।उन्होंने रितेश का रोल नंबर पुकारा तो वह खड़ा नहीं हुआ। इसी बात पर टीचर भड़क गई और थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।
-रितेश रोने लगा, तब भी उसे दया नहीं आई। जब वह गिर पड़ा तो कॉलर पकड़कर उठाया और सिर ब्लैक बोर्ड से भिड़ा दिया। टीचर की ये करतूत क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
-बदहवास बच्चा घर पहुंचा और मां से लिपटकर रोने लगा। पूछने पर आपबीती सुनाई, घरवाले तुरंत स्कूल गए। शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज निकाली गई, जिसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखों में आंसू आ गए। नाखून लगने से बच्चे के चेहरे और गले में खरोंच भी आ गई थी।
-सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा था कि रितेश की पिटाई से दूसरे बच्चे भी सहम गये थे।बच्चों ने अपना सिर नीचे की तरफ छुपा लिया। रितेश जब बदहवास गिर पड़ा, उसके बाद टीचर क्लास से चली गई।
स्कूल प्रशासन ने उठाया ये कदम
-जान विएनी स्कूल के प्रिंसिपल फादर रोनाल्ड रोड्रीजफ ने कहा, “पैरेंट्स ने जब इस मामले में कंप्लेन की तब तक टीचर स्कूल से जा चुकी थी। प्रिंसिपल ने महिला टीचर रितिका को स्कूल से निकाल दिया है। उसके खिलाफ जांच के लिए एक कमेटी का भी गठन कर दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
पैरेंट्स का पक्ष
-रितेश को बिना किसी गलती के उसकी टीचर रितिका ने बुरी तरह से पिटाई की है। टीचर की पिटाई से बच्चा काफी डरा हुआ है। वह स्कूल जाने को तैयार नहीं है। वह आज स्कूल नहीं गया है। टीचर के खिलाफ पीजीआई थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। स्कूल प्रिंसिपल ने भी मामला संज्ञान में लेकर टीचर को स्कूल से निकाल दिया गया है।
शिकायत पर जांच जारी
पीजीआई थाने के एसओ बृजेश राय के मुताबिक़,”पैरेंट्स की तरफ से बुधवार को जान विएनी स्कूल की टीचर रितिका के खिलाफ शिकायत दी गई है। टीचर के खिलाफ मिली शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है।”