तालिबान ने अफगानिस्तान के 85 फीसदी क्षेत्र पर किया कब्जा, महिलाओं पर गंदी नजर…

अफगानिस्तान में तालिबानी आतंकियों को कहर जारी है. वे अफगानी सुरक्षाबलों पर लगातार हमला कर रहे हैं. इस बीच तालिबान की तरफ से एक नया फरमान जारी किया गया है. जिसमें कहा गया है कि उसको 15 साल से ज्यादा उम्र की सभी लड़कियों और 45 साल से कम उम्र की सभी विधवा महिलाओं की लिस्ट मुहैया करवाई जाए.
महिलाओं पर तालिबान की गंदी नजर
द सन में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान ने वादा किया है कि वह अपने लड़ाकों से निकाह करवाने के बाद इन महिलाओं को पाकिस्तान के वजीरिस्तान में भेज देगा. अगर कोई लड़की मुस्लिम नहीं होगी तो उसका धर्म परिवर्तन करवाया जाएगा. दरअसल तालिबान इन महिलाओं को अपने लड़ाकों की गुलाम बनाना चाहता है. लड़ाके इन महिलाओं का यौन उत्पीड़न करेंगे.
तालिबान ने लेटर जारी करके मांगी लिस्ट
तालिबान कल्चरल कमीशन की तरफ से जारी किए गए एक लेटर में कहा गया है कि सभी इमाम और मौलवी तालिबान के कब्जे वाले इलाकों में मौजूद 15 साल से ज्यादा उम्र की युवतियों और 45 साल से कम उम्र की विधवा महिलाओं की लिस्ट सौंपे. इन महिलाओं को तालिबान के लड़ाकों के हवाले किया जाएगा.
तालिबानी आतंकवादियों ने तेज किए हमले
गौरतलब है कि अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देशों के सैनिक अफगानिस्तान छोड़ रहे हैं और इसका फायदा उठाते हुए तालिबानी आतंकवादियों ने हमले तेज कर दिए हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान ने अफगानिस्तान के 85 फीसदी क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है.
महिलाओं का अकेले घर से निकलना हुआ बैन
बता दें कि तालिबान ने अपने कब्जे वाले इलाकों में शरिया का कानून लागू कर दिया है. यहां अब स्मोक करना, दाढ़ी काटना और महिलाओं का अकेले घर से निकलना बैन कर दिया गया है.





