इस देश के प्रधानमंत्री ने खुद तोड़ा लॉकडाउन का नियम, भरना पड़ा दोगुना जुर्माना…

कोरोना वायरस की वजह से दुनिया के ज्यादातर देशों में अभी लॉकडाउन लगा हुआ है. संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कड़े नियम कानून बनाए गए हैं लेकिन इसी नियम कानून की वजह से एक देश के प्रधानमंत्री को भी जुर्माना भरना पड़ा.

जी हां हम बात कर रहे हैं रोमानिया की जहां कोरोना वायरस की वजह से सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है. लेकिन वहां के प्रधानमंत्री लुडोविक ओरबान मंत्रियों के बीच बिना सामाजिक दूरी बनाए सिगरेट और शराब पीते हुए नजर आए.

उनकी यह तस्वीर वहां सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इसके बाद अपने ही बनाए कानून को तोड़ने पर प्रधानमंत्री लुडोविक को भारतीय मुद्रा के मुताबिक 45 हजार रुपये का दोहरा जुर्माना भरना पड़ा.

जानकारी के मुताबिक यह तस्वीर प्रधानमंत्री लुडोविक के जन्मदिन पर 25 मई को ली गई थी जिसमें वो मंत्रियों के बीच सिगरेट और शराब पीते नजर आ रहे थे. उन्होंने सार्वजनिक जगह पर मास्क भी नहीं पहना था.

उस मीटिंग में रोमानिया के वित्त और विदेश मंत्री भी शामिल थे. बता दें कि रोमानिया में अब तक कोरोना वायरस के 19133 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि 1259 लोगों की इस महामारी की वजह से जान जा चुकी है.

Back to top button