UP के लखीमपुर खीरी में हुई घटना ने विपक्षी दलों को राजनीतिक लाभ उठाने का दिया बड़ा मौका…

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई घटना ने विपक्षी दलों को राजनीतिक लाभ उठाने का बड़ा मौका दे दिया है। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल केंद्र और राज्य सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। पंजाब और यूपी समेत अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव को देखते हुए विपक्ष लखीमपुर खीरी कांड को तूल देने में लगी हुई है। कांग्रेस ने दूसरे राज्यों के अपने मुख्यमंत्रियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया है। रविवार को लखीमपुर खीरी की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई थी। इसमें गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर आरोप लग रहे हैं।

लखीमपुर की घटना से कांग्रेस को उम्मीद है कि वह भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने और सूबे के सियासी समिकरण को बदलने में कामयाब हो सकती है। जहां, एक तरफ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने खुद मोर्चा संभाल रखा है वही, दूसरी तरफ अपने वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्रियों का भी सहारा ले रही हैं। पंजाब, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड और उत्तराखंड के कांग्रेस नेता पीड़ितों से मुलाकात करने लखीमपुर जाने वाले हैं। बुधवार को प्रदेश सरकार से इजाजत मिलने के बाद राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पांच नेताओं को लखीमपुर खीरी जाकर हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों से मुलाकात की। विपक्ष सरकार पर आशीष मिश्रा को गिरफ्तार किए जाने का दबाव बना रहा है।

लखीमपुर तक सिंद्धू का मार्च

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में पंजाब कांग्रेस लखीमपुर खीरी तक मार्च निकालेगी। इसकों लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजान किए गए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लखीमपुर कांड में मारे गए चार किसानों के परिजनों को अलग से 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

हरीश रावत आज लखीमपुर खीरी का दौरा करेंगे

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत गुरुवार को उत्तर प्रदेश में हिंसा प्रभावित लखीमपुर खीरी जिले का दौरा करेंगे। रावत के साथ राज्य के कांग्रेस कार्यकर्ता भी हजारों वाहनों के जरिए रामनगर से कालाडुंगी, बाजपुर, किच्छा होते हुए लखीमपुर खीरी पहुंचेंगे।

झारखंड कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने सोनभद्र में रोका

झारखंड के कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश पुलिस ने गुरुवार को सोनभद्र जिले में लखीमपुर खीरी जिले जाने के दौरान रोक दिया। नेताओं के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर कर रहे हैं। उनके साथ इसमें कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी शामिल हैं। वे लखीमपुर खीरी में किसान परिवारों से मिलने जा रहे थे।

Back to top button