वाराणसी में मोदी ने जिस योजना की रखी नींव, उसको कर दिखाया पूरा…

वाराणसी.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने ट्रेड फैसिलिटी सेंटर का इनॉगरेशन किया। मोदी ने 7 नवंबर 2014 को दीनदयाल हस्तकला संकुल नाम के इस सेंटर की नींव रखी थी। मोदी ने अपनी स्पीच में कहा, “हम जिन योजनाओं का शिलान्यास करते हैं, उनका उद्घाटन भी करते हैं।” बता दें कि ये ट्रेड फैसिलिटी सेंटर 305 करोड़ की लागत से 43,445 स्क्वॉयर मीटर में बनाया गया है। इससे वाराणसी और उसके आसपास के जिलों से जुड़े करीब 60 हजार बुनकर परिवारों को इसका फायदा मिलेगा।
वाराणसी में मोदी ने जिस योजना की रखी नींव, उसको कर दिखाया पूरा...

मोदी की स्पीच की, 5 अहम बातें

1) 1000 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
– मोदी ने कहा, “आज एक ही कार्यक्रम में एक ही मंच से एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का शिलान्यास होने जा रहा है। यूपी सरकार को भी इसका श्रेय जाता है। राज्य सरकार भी अभिनंदन की अधिकारी है। जिस योजना का लोकार्पण हो रहा है मैं नहीं मानता कि पिछले कई दशकों में इतने बड़ी कोई योजना साकार हुई हो। जिस योजना का शिलान्यास हम करते हैं उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं। वरना योजनाएं लटकती रहती हैं। दो पुलों का शिलान्यस हुआ था कई साल पहले, लेकिन सपना साकार योगी जी ने किया।”
2) ये इमारत भविष्य के नए दरवाजे खोलेगी
– “बुनकरों के लिए योजनाएं बनाईं। अब इन्हें साकार कर रहे हैं। जंगल में मोच नाचा किसने देखा? यही हाल रहता तो कभी विश्व के सामने अपने कौशल दिखाने का मौका नहीं मिलता। छोटे-छोटे बुनकर और शिल्पकार जो निर्माण करते हैं अगर उसको वैश्विक बाजार नहीं मिलता तो उनका विकास लटक जाता है। इन लोगों ने मुझसे कहा था कि हमारे बच्चे इस कला से जुड़ना नहीं चाहते। तभी मुझे लगा था कि अगर इन परिवारों से यह कला छूट जाएगी तो इतिहास हमें माफ नहीं करेगा। दुनिया भी भारत की इन ‌विशेषताओं के प्रति आकर्षित हो रही है। 300 करोड़ की लागत से बनी यह सिर्फ इमारत नहीं है। ये भविष्य के नए दरवाजे खोलने की ताकत रखती है। मैं यहां के टैक्सी और ऑटो रिक्शा ड्राइवरों से आग्रह करता हूं कि वो विदेश टूरिस्ट्स को यहां जरूर लाएं।”
3) पहले की सरकारों को विकास से नफरत थी
– प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस इमारत से टूरिज्म को भी बढ़ावा देंगे। मुझे यकीन कि इससे काशी के विकास को बढ़ावा मिलेगा। मैं सभी बुनकरों और शिल्पकारों को बधाई देता हूं। हर समस्या का समाधान विकास में ही है। पहले ऐसी सरकारें थीं जिन्हें विकास से नफरत थी। उनकी तिजोरी चुनाव जीतने में ही खर्च हो जाती थी। हम गरीब की जिंदगी में बदलाव लाना चाहते हैं। अगर उनके हाथ में सामर्थ्य आ जाए तो हालात बदल जाएंगे।”
4) गरीबोें की जिंदगी बदलने के लिए हमारी योजनाएं
– नरेंद्र मोदी ने कहा, “आप किसी भी गरीब से पूछिए कि क्या आपने जैसी जिंदगी गुजारी, बच्चों को भी वैसी ही जिंदगी देंगे? वो कहेगा- मैं नहीं चाहता कि हमारी अगली पीढ़ी यह सब गरीबी देखे। गरीबी अपनी अगली पीढ़ी को गरीबी नहीं देना चाहता। जो गरीब का सपना है मेरी सरकार का भी वही सपना है। हम सारी योजनाएं इस तरह के बनाते हैं कि गरीबों की जिंदगी में बदलाव आए। जिस समर्पण भाव से गोविंद सिंह और उनकी टीम लगी है उनको बधाई।”
5) मैं बड़ौदा की सीट छोड़ी, काशी के विकास में लगा
– उन्होंने कहा, “हमारे जलमार्ग में भी एक ताकत है। इसको सामान्य लोगों से जोड़ना है। जब मैं बनारस में चुनाव लड़ने आया तो बड़ौदा से भी चुनाव लड़ा था। दोनों जगह से जीता। लेकिन जब एक सीट छोड़ने की बारी आई तो मैंने सोचा कि बड़ौदा की सेवा करने के लिए बहुत लोग हैं लेकिन काशी को विकास के लिए मुझे खुद को खपाना होगा। महामना एक्सप्रेस के द्वारा बड़ौदा से बनारस जुड़ेगा। इसमें सूरत भी शामिल है। इसका संबंध आर्थिक गतिविधियों से ज्यादा है। मैं आपका लंबा समय लेना नहीं चाहता। आज केंद्र कई साहसपूर्ण कदम उठा रहा है। 20 और 25 साल से लटके मुद्दों को मेहनत से निपटाया जा रहा है। हमें पूर्वी यूपी को भी बदलना है। आज की योजनाएं यहां के आर्थिक और सामाजिक ढांचे को बदलने में काम आएंगी। योगी जी की सरकार को धन्यवाद।”

ट्रेड फैसिलिटी सेंटर की अहम बातें

400 कारों की पार्किंग
-राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया, ”बड़ालालपुर में ट्रेड फैसिलिटी सेंटर एंड हेंडआर्ट म्यूजियम 27 नवम्बर 2015 से बनना शुरू हुआ था। इसके अन्तर्गत बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर समेत 3 एक्स्ट्रा फ्लोर बनाए गए हैं। बेसमेंट में लगभग 400 कारों की पार्किंग हो सकती है।”
इमारत में 3 फ्लोर
फर्स्ट फ्लोर:13 मार्ट, 2 एटीएम, गैलरी, 2 रेस्टोरेंट, 14 दुकानें, लाउंज, सिल्क गैलरी, कारपेट गैलरी, हिस्ट्री और म्यूजिक गैलरी।
सेकंड फ्लोर: पर ट्रेड सेंटर, गेस्ट रूम, व्यापार और सूचना का राष्ट्रीय केन्द्र, 4 दुकानें, 15 डॉरमेट्री, ऑफि‍स, लाइब्रेरी, रिकॉर्ड रूम और फिल्म हॉल।
थर्ड फ्लोर: 13 ऑफि‍स और व्यापार केन्द्र के अलावा 15 गेस्ट हाउस, कॉमन हॉल, पैन्ट्री और ऑफि‍स।
अमेर‍िका से मंगवाई गई कुर्सियां
– कॉन्फ्रेसिंग हॉल में लगीं कुर्सियां अमेरिका से मंगवाई गई हैं। एक कतार में 103 लोग बैठ पाएंगे। कुल 618 लोग बैठ पाएंगे, जिसमें मल्टीप्लेक्स हॉल की तरह फील होगा। इसको सेट करने के लिए पिछले दिनों अमेरिका से तीन एक्सपर्ट भी आए थे।
18 योजनाओं का इनॉग्रेशन किया
– मोदी ने सामनेघाट गंगा पुल, बलुआघाट गंगा पुल, ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर फेज-2, दो उपकेंद्रों, बीएचयू में मालवीय एथिक्स सेंटर, 30 बेड के जच्चा-बच्चा केंद्र, सारनाथ में बुद्ध थीम पार्क, गंगा घाट विकास जैसी योजनाओं का इनॉग्रेशन किया।

ऐसी है पीएम की सिक्युरिटी

– 56 मजिस्ट्रेट, 8000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी। 30 आईपीएस अफसर तैनात।
– दो डीआईजी, 26 एसएसपी, 35 एएसपी, 48 डीसीपी, 700 दरोगा, 2600 सिपाही, 17 कम्पनी पीएसी, 450 हेडकॉन्स्टेबल, 17 कंपनी सेन्ट्रल फोर्स के साथ, 32 एम्बुलेंस और 60 डॉक्टरों की टीम भी।
Back to top button