रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण उत्तराखंड में मनाया गया उत्सव

देहरादूनः अयोध्या में सोमवार को श्रीराम लला विग्रह के दिव्य, भव्य, नव्य मन्दिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पावन एवं गौरवशाली पर सम्पूर्ण उत्तराखंड में चहुंओर उत्सव जैसा वातावरण रहा। बाजारों, घरों और मठ, मंदिरों में बिजली की रोशनी की गई, दीपक जलाए गए, मिठाइयां बांटी गई, जगह-जगह भंडारे किए गए और सुंदर काण्ड तथा रामचरित मानस के पाठ किए गए।

उत्तराखंड का कोई स्थान ऐसा नहीं रजत, जहां श्री राम लला और श्री हनुमान जी के भजनों का ध्वनि विस्तारक के माध्यम से गान नहीं हो रहा हो। स्थान, स्थान पर खीर, लड्डू, पूड़ी, सब्जी, जलेबी जैसे खाद्य पदार्थों के भंडारे लोगों ने स्व प्रेरणा से वितरित किए गए। परेड ग्राउंड में तो रविवार शाम ही एक लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर, दीपावली मनाई गई। आज चहुंओर दीपावली से भी अधिक उत्साह से लोगों ने आतिशबाजी और दीपक जलाकर भगवान राम का अयोध्या में उनके नव्य मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही स्थान, स्थान पर बड़े एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का सीधा प्रसारण भी आम जनता के लिए किया गया। आज शाम को हरिद्वार में विशेष राम नाम ध्वजा से सजे हुए हर की पैड़ी में भव्य दीपोत्सव व विशेष आरती कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां पहुंच कर ‘बजाओ ढोल स्वागत में, मेरे भगवान आए हैं….., मंगल भवन अमंगल हारी, अयोध्या आये मेरे प्यारे राम बोलो जय-जय श्रीराम’ आदि भजनों के मध्य देश तथा प्रदेश की समृद्धि की कामना करते हुए पूजा-अर्चना तथा विशेष आरती की।

धामी ने जैसे ही दीपोत्सव में दीप प्रज्ज्वलित करना प्रारम्भ किया, देखते ही देखते पूरी हर की पैड़ी हजारों दीपकों की रोशनी से जगमगा उठी तथा सभी दिशाएं पटाखों की ध्वनि तथा जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो गई। हर की पैड़ी की दीपोत्सव तथा विशेष आरती की यह छटा देखकर श्रद्धालु तथा उपस्थित जन-समूह अपने आपको इस अप्रतिम क्षण का साक्षी मानकर धन्य तथा सौभाग्यशाली समझ रहे थे। दीपोत्सव तथा विशेष आरती कार्यक्रम का आयोजन श्री गंगा सभा द्वारा किया गया। महामंत्री, श्री गंगा सभा तन्मय वशिष्ठ तथा पदाधिकारियों ने यहां मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत व अभिवादन किया तथा आभार व्यक्त किया।

Back to top button