चूहे ने कुतरी अस्पताल में भर्ती मरीज की आंख, छिड़ा सियासी विवाद

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से अस्पताल की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है जहां एक मरीज की आंख चूहे ने कुतर डाली. अब परिजनों के आरोप के बाद बीएमसी मेयर ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं जबकि अस्पताल इसे एक छोटी सी घटना बता रहा है.
BMC के अस्पताल की घटना
दरअसल, बीएमसी की ओर से संचालित राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजनों ने इसकी शिकायत की है. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती उनके मरीज की आंख से पास के हिस्से को चूहा कुतर गया लेकिन स्टाफ ने इस पर कोई ध्यान ही नहीं दिया. परिजनों का आरोप है कि उनके मरीज की हालत वैसे ही गंभीर है और ऐसे में इस घटना से मरीजों को ज्यादा नुकसान हो सकता था. घाटकोपर इलाके में स्थित अस्पताल में हुई इस चौंकाने वाली घटना में वहां के स्टाफ की बड़ी लापरवाही सामने आई है.
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की आंख के पास मामूली चोट गई है और उसकी आंख को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. फिलहाल मरीज की आंख की सर्जरी की जा रही है. अस्पताल की डीन विद्या ठाकुर ने बताया कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए फिर भी मरीज की आंख ठीक है और उसे हल्का नुकसान पहुंचा है.
मेयर ने दिए जांच के आदेश
अस्पताल की जिस वार्ड में यह घटना हुई वह ग्राउंड फ्लोर पर स्थित है. यहां पर कुछ लोग मना करने के बावजूद कूड़ा भी फेंक देते हैं जिसे खाने के लिए चूहे अस्पताल में आते हैं. डीन ने कहा कि अस्पताल चूहों को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम करेगा ताकि दोबारा इस तरह की कोई घटना न हो सके.





