देवी मंदिर निर्माण कार्य में श्रमदान कर रहे एक युवक की करंट लगने से हुई मौत, दूसरे की हालत गंभीर, जहानाबाद की घटना

परसबिगहा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में देवी मंदिर निर्माण कार्य में श्रमदान कर रहे एक युवक की मौत करंट लगने से हो गई। दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों आपस में चेचेरे भाई थे। मृत युवक उसी गांव का 22 वर्षीय सोनू कुमार था। पिंकू कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया है। नवरात्र (Navratri 2021) के उत्‍सव की खुशियों की जगह मातम पसर गया है।

गांव में हो रहा देवी मंदिर का निर्माण  

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव में देवी मंदिर का निर्माण हो रहा है।  नवरात्र में मंदिर का निर्माण जोर-शोर से चल रहा है। उसमें गांव के लोग श्रमदान करते हैं। सोनू और पिंकू भी  श्रमदान कर रहे थे। लोग उत्‍साहपूर्वक इस कार्य में लगे रहते हैं। अर्द्धनिर्मित मंदिर के ठीक ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरी हुई है। शनिवार को दोनों भाई सरिया उठा रहे थे। वह सरिया ऊपर से गुजर रहे तार में सट गया। उसे पकड़े सोनू और पिंकू तेज झटके के साथ बेहोश होकर गिर पड़े। दोनों को आनन-फानन में सदर अस्‍पताल ले जाया गया। वहां डाक्‍टर ने सोनू को मृत घोष‍ित कर दिया। वहीं पिंकू का इलाज चल रहा है।

 

स्‍वजनों के विलाप से गमगीन हो गया माहौल 

इधर घटना की खबर मिलते ही स्‍वजनों में कोहराम मच गया। उनके विलाप से माहौल गमगीन हो गया है। स्थानीय विधायक कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा तथा समाज सेवी अभिषेक कुमार शर्मा  ने पहुंचकर स्‍वजनों को सांत्‍वना दी। पुलिस ने व का पोस्टमार्टम करा कर स्‍वजनों को सौंप दिया।गांव के लोगों ने बताया कि नवरात्र में लोग अपने बच्‍चों की लंबी आयु की प्रार्थना देवी माता से करते हैं। लेकिन आज एक मां की आंचल सूनी हो गई। लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि पिंकू जल्‍द ठीक हो जाए।

Back to top button