कोर्ट ने आजम खान को दिया बड़ा झटका, नहीं दी विधानसभा जाने की अनुमति

जेल में बंद सपा नेता आजम खान को बड़ा झटका लगा है. वे आज विधानसभा में जाकर विधायक पद की शपथ नहीं ले पाएंगे. दरअसल, कोर्ट ने जेल प्रशासन की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें आजम खान को शपथ के लिए विधानसभा जाने की अनुमति मांगी गई थी.
आजम खान ने सांसद पद से दिया इस्तीफा
सपा नेता आजम खान ने हाल ही में भी अखिलेश यादव के साथ लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. वे रामपुर से लोकसभा सांसद थे. हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में वे रामपुर विधानसभा सीट से उतरे थे. इस सीट ने उन्हें फिर जीत मिली है. आजम खान ने विधानसभा में रहने का फैसला किया है. ऐसे में उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया.
https://twitter.com/ANINewsUP/status/1508687227253325824?
विधानसभा में नए विधायक ले रहे शपथ
यूपी विधानसभा में नए विधायकों के शपथ लेने का दौर जारी है. सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत तमाम विधायकों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. बाकी बचे विधायक आज शपथ ले रहे हैं.
आजम और मुख्तार के बेटे ने ली शपथ
आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान और मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने विधायक पद की शपथ ली है. अब्दुल्ला आजम खान रामपुर की स्वार सीट से जीते हैं. जबकि मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी मऊ सदर सीट से विधायक हैं.





