बच्चे को फर्श पर लिटाया, ऊपर से गुजर गई गाय, पैरों के नीचे आने से बचा मासूम!

भारत विभिन्न धर्मों और समुदायों का देश है. हर धर्म या समुदाय में सैकड़ों मान्यताएं हैं जो सालों से चली आ रही हैं. लोग इनका पालन करते हैं. समय के साथ कई मान्यताएं बदलीं, पर कई पुराने वक्त की ही हैं, जिसे लोग आज भी मानते हैं. ये मान्यताएं सही हैं या गलत, ये इंसान की अपनी सोच पर निर्भर करता है, हालांकि, कई बार देखने से ये खतरनाक लग सकती हैं. हाल ही में ऐसी ही एक मान्यता का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बच्चे को मंदिर के फर्श पर रखा जा रहा है, और उसके ऊपर से गाय (Cow walk over baby viral video) गुजर रही है. गाय का पैर बच्चे से कुछ ही इंच दूर से गुजरता है, इस वजह से वो मासूम पैरों के नीचे आने से बाल-बाल बचता है.
इंस्टाग्राम यूजर @sunilram_05 ने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें एक बच्चे के ऊपर से गाय को गुजारा जा रहा है. ये वीडियो कर्नाटक के श्री कालभैरवेश्वर स्वामी मंदिर का है. वायरल वीडियो (Cow walk over baby tradition) में आप देख सकते हैं कि मंदिर परिसर के अंदर एक गाय नजर आ रही है जो काफी विशाल है. उसकी सींघ भी बहुत लंबी है. उस गाय को एक आदमी ने पकड़ा है. गाय की सींघ पर नोट बंधे हुए हैं, जो शायद मन्नत के तौर पर बांघे गए होंगे.
गाय के निचे लिटा दिया बच्चा
एक पिता अपने बच्चे को फर्श पर लिटा देता है. उसके बाद गाय की देखभाल करने वाला शख्स उस गाय को बच्चे के ऊपर से गुजारता है. बच्चा लेटा रहता है, और गाय भी बड़े आराम से उसके ऊपर से निकल जाती है. हालांकि, उसके पार बच्चे के काफी नजदीक से होकर निकलते हैं, इस वजह से इस वीडियो को देखकर डर भी लग सकता है. पर वो गाय बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाती. उसके गुजरते ही बच्चा पलट जाता है और गाय को देखने लगता है. इस नजारे को पीछे खड़े लोग देख रहे हैं.
वीडियो हो रहा है वायरल
वीडियो को 98 लाख व्यूज मिल चुके हैं और बहुत लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. कई लोग इस प्रथा के पक्ष में हैं तो कई इसकी आलोचना कर रहे हैं. बहुत से लोगों का कहना है कि ये अंधविश्वास है, जबकि कई लोगों ने इसे प्रथा का हिस्सा बताया है, इस वजह से इसपर सवाल खड़ा करने वालों को ट्रोल कर रहे हैं.





