गुलमर्ग में हो रही बर्फबारी पर्यटकों के लिए बना आकर्षण का केंद्र, कश्मीर घाटी में फिर बढ़ी ठंड

बर्फ की सफेद चादर ने एक बार फिर कश्मीर की वादियों को अपनी आघोष में ले लिया है। गुलमर्ग में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में रात से हो रही बारिश ने एक बार फिर घाटी को ठंड की चपेट में ला दिया है। हालांकि गुलमर्ग में हो रही बर्फबारी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन हुई है। देश-विदेश से कश्मीर घूमने आए पर्यटक बर्फबारी व बारिश का पूरा आनंद उठाते नजर आ रहे हैं। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.0 डिग्री सेल्सियस कम था।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि से गुलमर्ग में बर्फबारी हो रही है। अभी तक यहां करीब आठ सेंटीमीटर ताजा हिमपात हो चुका है। वहीं ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हुई। वहीं श्रीनगर में 0.6 मिमी, कुपवाड़ा में 0.4 मिमी जबकि पहलगाम और कोनिबल में सुबह साढ़े आठ बजे तक बारिश हुई। रात भर बादल छाए रहने के कारण गुलमर्ग और पहलगाम को छोड़कर रात का तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर पहुंच गया है। 

विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि बर्फबारी व बारिश का यह सिलसिला बुधवार तक जारी रहेगा। ऐसे में बर्फबारी वाले इलाकों व पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोग हिमस्खलन व भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहें। मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने भी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बर्फबारी व बारिश के दौरान लोगों को अपने घरों में ही रहने की हिदायत दी है।

रात से जारी बर्फबारी व बारिश की वजह से मौसम में भी काफी बदलाव आया है। कश्मीर घाटी में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। श्रीनगर में 6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। यहां तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, कुपवाड़ा शहर में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आपको बता दें कि कश्मीर में 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दी ‘चिल्लई कलां’ 30 जनवरी को समाप्त हो गया था। इसके बाद 20 दिन लंबा ‘चिल्लई खुर्द’ शुरू हुआ, जिसका समापन 19 फरवरी को हुआ था। इस समय कश्मीर घाटी 10 दिनों तक चलने वाले ‘चिल्ला बच्चा’ की चपेट में है। .

jagran

वहीं जम्मू की बात करें तो यहां तापमान में वृद्धि हो रही है। यहां न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात 8.1 डिग्री सेल्सियस था। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस, बटोत में 7.3 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस, कारगिल में पारा शून्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसी तरह द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 21.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार के बाद अगले 10 दिनों तक बारिश या हिमपात की कोई संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button