24 वर्षीय महिला है 4 बच्चों की मां, बड़ी बेटी है 16 साल की!

एक वक्त था जब भारत या कई अन्य देशों में काफी कम उम्र में लड़के-लड़कियों की शादी कर दी जाती थी. ऐसे में वो कम उम्र में माता-पिता भी बन जाते थे. इस वजह से माता-पिता और बच्चों की उम्र में फासला काफी कम हुआ करता था. मगर अब ऐसा नहीं है. अब तो लोग आमतौर पर 20-21 साल के बाद ही शादी करते हैं. पर इंग्लैंड की एक महिला की उम्र और उसके बच्चों (24 year old mother 16 year old daughter) की उम्र जानकर आपको काफी हैरानी होगी. ये महिला 24 साल की है और उसके 4 बच्चे हैं. उसकी जो सबसे बड़ी बेटी है, वो 16 साल की है. यानी मां और बेटी में सिर्फ 8 साल का फर्क है. लोग भी जब इस महिला और उसके बच्चे की उम्र के बारे में सुनते हैं, तो हैरान हो जाते हैं.
द सन वेबसाइट के अनुसार 24 साल की टासिया टेलर (Tasia Taylor) और उनके 26 साल के पति ड्रू, 4 बच्चों के पिता हैं. उनकी सबसे बड़ी बेटी टामिरे 16 साल की है, जबकि दूसरी बेटी रॉरी 14 साल की है, इसाया 12 साल का लड़का है और उनका सबसे छोटा बच्चा एष्टिन जो करीब 5 महीने का है. इससे पहले कि आप टासिया और उनके पति के बारे में कुछ भी अजीब सोचें, हम आपको बता देते हैं कि आखिर इतनी कम उम्र के कपल इतनी बड़ी उम्र के बच्चों के माता-पिता कैसे बन गए.
24 साल की महिला है 4 बच्चों की मां
जैसे ही दोनों की शादी हुई, दोनों फॉस्टर केयर से बच्चे गोद लेने के बारे में सोचने लगे थे. जब बच्चे किन्हीं कारणों से अपने परिवार के साथ नहीं रह पाते हैं, तो उन्हें फॉस्टर केयर होम में छोड़ दिया जाता है. जिस प्रकार वृद्धाश्रम बुजुर्गों के लिए होता है, उसी प्रकार फॉस्टर केयर होम बच्चों के लिए होते हैं. कपल पहले तो 1 से 6 साल तक के बच्चे खोज रहे थे. पर टासिया जिस स्कूल में पढ़ाती थीं, वहां पर रॉरी नाम की एक 14 साल की लड़की थी, जो फॉस्टर होम में ही रहती थी. संस्था ने ऑफर किया कि कपल रॉरी को गोद ले लें, तो कपल पीछे नहीं हटे. उन्होंने उसे गोद लिया. पर कुछ ही दिनों में उनके पास कॉल आया कि उसका भाई इसाया अपने परिवार के साथ नहीं रह सकता, उसे भी रहने की जगह चाहिए. तो कपल ने 12 साल के लड़के को भी गोद ले लिया.
6 लोगों को हुआ परिवार
सबसे बड़ी बेटी टामिरे असल में टासिया की कजिन बहन है. उसे उसकी दादी पालती थीं पर कैंसर हो जाने की वजह से दादी की तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई. इसके बाद टासिया ने उसकी जिम्मेदारी उठा ली. उन्हें लगा कि उनके पास पहले ही 2 गोद लिए हुए बच्चे हैं, तो उन्होंने तय किया कि वो टामिरे को भी गोद लेंगी, भले ही वो उनसे 8 साल छोटी थी. अब वो आधिकारिक तौर पर टामिरे की मां हैं. करीब 5 महीने पहले टासिया ने अपने बच्चे एष्टिन को जन्म दिया और अब उनका परिवार 6 लोगों का हो चुका है. उनका कहना है कि कई बार लोग उन्हें जज करते हैं और कहते हैं कि इतनी कम उम्र में वो बच्चे गोद लेकर गलत कर रही हैं, पर उन्हें किसी की बातों से फर्क नहीं पड़ता.





