अफगानिस्तान में तालिबान का कहर जारी, भारतीय सहित काबुल एयरपोर्ट के पास से 150 लोगों को जबरन उठाया

अफगानिस्तान में तालिबान का कहर जारी है. सूत्रों के मुताबिक काबुल एयरपोर्ट से तालिबानी 150 लोगों को जबरन अपने साथ लेकर गए हैं. इन लोगों में ज्यादातर भारतीय नागरिक हैं. सूत्रों के मुताबिक इनमें अफगानी नागरिक और अफगानी सिख के अलावा ज्यादातर आम भारतीय नागरिक शामिल हैं.
इन लोगों में शामिल एक शख्स जो अपनी पत्नी के साथ था और तालिबानी चंगुल से बचकर भागने में सफल रहा, उसने बताया कि आज रात एक बजे ये लोग एक वाहन के जरिए एयरपोर्ट पहुंचे थेे लेकिन कॉर्डिनेशन ठीक नहीं होने चलते ये लोग एयरपोर्ट के भीतर एंट्री नहीं पा सके.
सूत्रों के मुताबिक बिना हथियार के कुछ तालिबानी आए और लोगों के साथ मारपीट की और फिर उन्हें काबुल के तारखिल ले गए. शख्स ने बताया कि वह और उसकी पत्नी कार से कूदकर भागने में सफल रहे. उसने बताया कि कुछ लोग ही कार से कूद पाए बाकी अन्य लोगों के साथ क्या होगा वह नहीं जानता.
उसने बताया कि तालिबानियों का कहना था कि वह उन्हें दूसरे गेट से एयरपोर्ट से जा रहे हैं, लेकिन यह साफ नहीं हो पाया है कि वह उन्हें एयरपोर्ट ले गए या कहीं और लेकर गए हैं. हालांकि तालिबानियों की तरफ से इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है. कई बार संपर्क साधने के बाद भी तालिबानियों ने जवाब नहीं दिया. इस मसले पर तालिबानी प्रवक्ता की भी कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है.





