जगराओं/लुधियाना.गांव हलवारा में टेबल फैन को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बडे़ भाई का कत्ल कर दिया। छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर में लकड़ी का दस्ता दे मारा, जिससे बडे़ भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात की है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद लाश घरवालों को सौंप दी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को बलवीर सिंह ने बताया कि वो गांव हलवारा में 70 वर्षीय मां गुरमेल कौर के अलावा बड़े भाई दर्शन सिंह और छोटे भाई दलबीर सिंह के साथ रहते हैं। बलवीर सिंह के मुताबिक तीनों भाइयों में से केवल उसकी शादी एक साल पहले दोराहा में गुरप्रीत कौर से हुई थी। बलवीर सिंह के मुताबिक बुधवार रात उसका छोटा भाई दलबीर टेबल फैन लेने दर्शन सिंह के कमरे में गया। तभी दोनों में पंखा लेने के लिए झगड़ा हो गया।
दोनों ही भाई पंखा उठाकर अपनी-अपनी तरफ खींचने लगे। खींचतान में पंखा टूट गया। इससे गुस्साए छोटे भाई दलबीर सिंह ने दर्शन सिंह के सिर में लकड़ी का दस्ता दे मारा। जिससे दर्शन लहूलुहान हो गया और उसकी मौत हो गई। एसएचओ सुधार रणजीत सिंह के मुताबिक गांव के सरपंच चरण सिंह ने फोन पर गांव में हुए कत्ल की जानकारी दी थी।