नेपाल की सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, 28 घंटे में PM नियुक्त हों शेर बहादुर देउबा

पड़ोसी देश नेपाल (Nepal) में एक बार फिर राजनीतिक घटनाक्रम तेज़ी से बदलता हुआ दिख रहा है. नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि अगले 28 घंटे में शेर बहादुर देउबा (Sher Bahadur Deuba) को अगला प्रधानमंत्री (Prime Minister) नियुक्त कर दिया जाए. ये आदेश तब आया है जब नेपाल में पिछले लंबे वक्त से राजनीतिक नेतृत्व का संकट है.

केपी शर्मा ओली (KP Sharma Oli) की अगुवाई वाली मौजूदा सरकार ने पिछले पांच महीने में दूसरी बार सदन में बहुमत खोया है, ऐसे में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत नई सरकार बनाने के लिए कहा है.

नेपाली सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) की पांच सदस्यों की संवैधानिक पीठ ने निर्देश दिया है कि 28 घंटे के भीतर नेपाली कांग्रेस के प्रमुख शेर बहादुर देउबा को प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाए.

राष्ट्रपति के आदेश के खिलाफ कोर्ट गया था विपक्ष
आपको बता दें कि नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने मई में 275 सदस्यों की संसद को भंग कर दिया था, जिसके बाद नवंबर में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया. राष्ट्रपति के इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं दायर की गई थीं.

देउबा के समर्थन में आधे से ज्यादा सांसद

विपक्षी दलों द्वारा दायर करीब 30 से अधिक याचिकाओं में राष्ट्रपति के आदेश को गलत करार दिया गया था. विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट के सामने मांग रखी थी कि नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा को प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाए, करीब 150 सांसदों ने इस पक्ष में हस्ताक्षर किए थे.

Back to top button