नेचर कॉल पर स्टेशन मास्टर की टॉयलेट में घुसा लोको पायलट, बोला-मजबूर था
जोधपुर.फुलेरा से मेड़तारोड की ओर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट सुरेंद्रकुमार गर्वा को सुबह-सुबह नेचर कॉल महसूस हुई। किसी तरह वे ट्रेन को डेगाना स्टेशन पर लाए और तत्काल स्टेशन मास्टर के कक्ष में बने टॉयलेट में चले गए। यह बात स्टेशन मास्टर दिलीप सिंह को नागवार गुजरी। उन्होंने टॉयलेट का दरवाजा जोर-जोर से खटखटाकर और चिल्लाकर लोको पायलट को बीच में ही बाहर निकाल दिया। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इस घटना का पता चलने पर रेलवे प्रशासन ने स्टेशन मास्टर को बुक ऑफ कर जोधपुर बुलाया और काउंसलिंग की।

कहीं टॉयलेट खाली नहीं मिला तब मजबूरी में स्टेशन मास्टर ऑफिस में जाना पड़ा
अधिकांश मालगाड़ी लंबी दूरी तक लगातार चलती हैं, इनके इंजन में टॉयलेट की सुविधा नहीं होती। ऐसी ही परिस्थिति का सामना लोको पायलट सुरेंद्र कुमार गर्वा को करना पड़ा। सुबह के समय नेचर कॉल महसूस होने पर उन्होंने डेगाना स्टेशन पर गाड़ी रोकी। उन्होंने वेटिंग रूम सहित अन्य टॉयलेट देखे, पर कोई भी खाली नहीं था। इस पर वे किसी तरह स्टेशन मास्टर के कक्ष तक भागकर पहुंचे और वहां बने टॉयलेट में गए। इस पर नाराजगी जताते हुए स्टेशन मास्टर दिलीपसिंह ने उन्हें तत्काल बाहर निकाला। गर्वा जब टॉयलेट से बाहर निकले तो स्टेशन मास्टर दिलीप सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि- ये ऑफिस है, फ्रेश होने की जगह नहीं। जब लोको पायलट ने अपनी परेशानी बताई तो स्टेशन मास्टर ने जवाब दिया कि स्टेशन उसका है, वह किसी को कक्ष में फ्रेश होने की इजाजत नहीं देगा।
इसे भी देखें:- रोहिंग्या मुसलमानों की हालत पर भावुक हुई ममता, कहा- मदद करे संयुक्त राष्ट्र
कर्मचारियों में विडियो वायरल हुआ तो एक्शन लेना पड़ा
लोको पायलट और स्टेशन मास्टर के बीच इस नोक-झोंक का वीडियो रेलवे कर्मचारियों के बीच वायरल हो गया। इस मामले को लेकर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के मंडल सचिव मनोज कुमार परिहार ने मंडल के आला रेलवे अधिकारियों से बात की। इसके बाद स्टेशन मास्टर को तत्काल बुक ऑफ कर जोधपुर बुलाया गया। यहां उन्हें वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने तलब किया।





