सीएम योगी के मंत्री का बयान- बच्चों को स्कूल ना भेजा तो भेज दूंगा जेल

अपने विवादास्पद बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर से बेतुका बयान दिया है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि वह अपने बच्चों को स्कूल ना भेजने वाले अभिभावकों को पांच दिन तक थाने में भूखा-प्यासा बैठाएंगे.
प्रदेश के दिव्यांग एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री राजभर ने रसड़ा कस्बे के गांधी मैदान में कल आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम कहा, ‘‘मैं अपने मन का कानून बनाने वाला हूं. जिस गरीब का बच्चा विद्यालय नहीं जाएगा, उसके मां-बाप को पांच दिन थाने में बैठाऊंगा. ना पानी पीने दूंगा और ना ही खाना खाने दूंगा.’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप लोगों ने (बच्चों को) स्कूल नहीं भेजा तो आपको उठवाकर थाने ले जाया जाएगा….इस नाते कह रहा हूं कि देखिए अभी तक आपका नेता, आपका बेटा, आपका भाई आपको समझा रहा था. आपने अगर मेरी बात नहीं मानी, तो छह महीने और मनाऊंगा.’’
इसे भी पढ़े: CM योगी ने टूरिज्म के बधावे को लेकर कहा- सिर्फ ताजमहल देखकर न लौटे विदेशी…
राजभर ने कहा, ‘‘भगवान राम ने समुद्र को तीन दिन मनाया था, जब वह नहीं माना तो भगवान को हथियार उठाना पड़ा और समुद्र त्राहिमाम-त्राहिमाम करने लगा. उसी तरह जिस भी गरीब का बच्चा विद्यालय नहीं जाएगा, छह महीने के बाद उसे थाने में पहुंचा दूंगा , चाहे भले ही मुझे फांसी क्यों ना हो जाए.’’
उन्होंने इसके बाद मौजूद भीड़ का हाथ उठवाकर पूछा, ‘‘कोई गलत काम तो नहीं है. कितने लोग इसके समर्थन में हैं?’’ इस पर अनेक महिलाओं ने हाथ उठाकर सहमति जतायी.





