महंगाई से हुई महीने की शुरुआत, बढ़े इनके दाम, मिलेगा ज्यादा ब्याज

महंगा हुआ हवाई सफर
एक तरफ जहां सभी विमानन कंपनियां किराये में बढ़ोतरी कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ अब यात्रियों को टिकट रद्द कराने पर रिफंड भी नहीं मिलेगा। 31 मार्च, 2018 से पहले बुक किए गए टिकट पर यात्रियों को रद्द कराने पर किसी तरह का कोई जीएसटी रिफंड नहीं मिलेगा।
इसके लिए हवाई कंपनियों ने 31 अगस्त तक की तारीख तय की थी। सभी विमानन कंपनियां हवाई ईंधन (एटीएफ) पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी के बढ़ने के बाद किराया बढ़ाने जा रही हैं। इससे आगामी फेस्टिव सीजन में हवाई सफर करने के लिए लोगों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी।
बढ़े एलपीजी, पीएनजी के दाम
सरकार ने पीएनजी, सीएनजी और एलपीजी के दामों को बढ़ा दिया है। इस तरह से आम नागरिक को अब चौतरफा महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर की कीमत में सोमवार से 59 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है।
वहीं, सब्सिडी वाले सिलिंडर की कीमत में भी 2.89 रुपये की वृद्धि की गई है। दिल्ली में अब सीएनजी 1 रुपया 70 पैसा महंगी हो गई है तो नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में 1 रुपया 95 पैसा की बढ़त हुई है। इसी तरह रसोई गैस में इस्तेमाल होने वाली पीएनजी के दाम में भी वृद्धि की गई है। दिल्ली में पीएनजी की कीमत में 1.30 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) की बढ़ोतरी हुई है।





