श्रीलंका छुट्टियां मनाने गए ब्रिटिश पत्रकार की मगरमच्छ ने ली जान

अपने दोस्तों के साथ श्रीलंका छुट्टियां मनाने गए ब्रिटिश पत्रकार की गुरुवार को मगरमच्छ ने जान ले ली। मृतक पत्रकार पॉल मैक्कलीन फाइनेंसियल टाइम्स के लिए काम करते थे।
पॉल अचानक लापता हो गए थे जिसके बाद उनका शव बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पॉल को अरुगम बे के पास मगरमच्छ ने नदी में खींच लिया। पॉल नदी में हाथ धो रहे थे, तभी अचानक मगरमच्छ ने उनपर हमला कर दिया।
इसे भी पढ़े: दुनियाभर में हो रहे हमलों को रोकने के लिए ब्रिटेन के साथ काम करेंगे डोनाल्ड ट्रंप
इस घटना को देख मछुआरों ने वहां मौजूद सर्फरों को चिल्लाकर मदद के लिए बुलाया। लेकिन जब तक सर्फर उस जगह पहुंचे, मगरमच्छ पॉल को पानी में ले जा चुका था, इसलिए कुछ नजर नहीं आया और सर्फर उसे बचा नहीं पाए।
इस घटना पर दुख जताते हुए फाइनैंशल टाइम्स के संपादक लियोनेल बार्बर ने कहा कि पॉल मैक्कलीन एक बेहतरीन युवा पत्रकार थे, जिनका एफटी में उज्जवल भविष्य था। हम उन्हें बहुत याद करेंगे।





