दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिलशाद गार्डन मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में चोरी हुई बाइक की बरामद

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिलशाद गार्डन मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में खड़ी 2020 में चोरी हुई एक बाइक बरामद की है। इसमें पुलिस को संदेह है कि पिछले महीने गाजीपुर फूल बाजार में बरामद आईईडी को लेने के लिए इसी बाइक का इस्तेमाल किया गया था। दरअसल, यूपी की सीमा से सटे गाजीपुर फूल मंडी के गेट पर एक महीने पहले लावारिश बैग मिला था। 

जिसमें बम की सूचना थी। जिला पुलिस, स्पेशल सेल के अधिकारियों के साथ दमकल और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंच गया। फूल मंडी को खाली करवाकर उसे छावनी में तब्दील कर दिया गया। बम को निष्क्रिय करने के लिए मशीन भी मंगाई गई। इसके साथ जेसीबी मशीन से एक जगह की खोदाई कराई गई। गड्ढे में बम को डाल दिया। इसके बाद इसमें जोरदार धमाका हुआ।

धमाका बम निरोधक दस्ते की देखरेख में हुआ। पुलिस की जांच में आया कि आइईडी लाने के लिए एक बाइक का इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल, पुलिस को दिलशाद गार्डन मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में से चोरी हुई बाइक मिली है। यह बाइक साल 2020 में पार्किंग से चोरी हुई थी। पुलिस को अंदेशा है कि गाजीपुर फूल मंडी के गेट पर आइईडी लाने के लिए जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया था वह यही बाइक हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Back to top button