मां की जासूसी करने के लिए बेटे ने फेसबुक पर बनाई फेक आईडी, कारण जान होगी हैरानी
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है जो किसी को भी हैरान कर सकता है। मात्र 10 साल का बच्चा फेसबुक पर फेक आईडी बनाकर अपनी ही मां की जासूसी करता रहा। हालांकि इस पूरे वाकये के पीछे जो वजह है वह ज्यादा चौंकाने वाली है और शायद यह अपनी तरह का पहला मामला हो.
माता-पिता के बीच विवाद हुआ तो 10 साल का बेटा अपनी मां की जासूसी करने लगा। फेसबुक पर फेक आईडी बनाकर फ्रेंड बन गया। चेक करने लगा कि मां कब-कब ऑनलाइन रहती है। फेंड लिस्ट में कौन-कौन शामिल हैं। इसकी रिपोर्ट पिता को देने लगा।
यह मामला मंगलवार को महिला थाने में परिवार परामर्श केंद्र पर पहुंचा। माता-पिता के मामले में एक भाई-बहन गवाही देने पहुंचे। बेटे ने मां की शिकायत की। मां पर आरोप लगाया कि वह पिता को परेशान करती है।
यह मामला नेहरूनगर निवासी एक दंपती से जुड़ा है। दंपती की शादी को आठ साल हो गए हैं। विवाद सुलझाने के लिए महिला थाने में काउंसलिंग चल रही है। मामले में मंगलवार को दोनों बच्चों की गवाही ली गई। पति अपने 10 वर्षीय बेटा और सात वर्षीय बेटी को गवाही के लिए थाने लेकर आया।
बेटे ने बताया कि मां मेरे पापा और दादी को परेशान करती है। काउंसलर्स के मुताबिक पोते ने अपनी दादी के एंड्र्रॉयड फोन से फेसबुक पर कई फेक आईडी बना रखी हैं। फेसबुक पर वह अपनी मां का फ्रेंड भी है। मां कब-कब ऑनलाइन रहती है, किससे चैटिंग करती है, फ्रेेंड लिस्ट में कौन-कौन शामिल हैं। इसकी जानकारी जुटाता था। कई फेसबुक फ्रेंड के बारे में बताया जिनसे काफी दिनों से चैटिंग चल रही है। मंगलवार को काउंसलिंग के दौरान बच्चे की मां मौजूद नहीं थी।
40 मामलों की हुई सुनवाई परिवार परामर्श केंद्र में मंगलवार को 40 मामलों की सुनवाई हुई। इनमें दहेज प्रताड़ना और मारपीट के मामले शामिल रहे। न्यू पंचवटी की रहने वाली शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी को एक साल हुए हैं लेकिन कुछ दिनों बाद से ही पति और सास दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। काउंसलर मंजू सिंह ने बताया नेहरूनगर निवासी एक दंपती की काउंसलिंग चल रही है। दंपती की शादी को 10 साल हो गए हैं। पति तीन-चार साल से दूसरी महिला के साथ रहता है। दूसरी महिला के दो बच्चे हैं। पति पर आरोप है कि उसने दो लाख रुपये देकर मामले को रफा दफा किया। केस में समझौते की कोशिश की जा रही है। महिला पति के साथ बच्चों के खातिर रहने के लिए तैयार है, लेकिन वह पति से कोई संबंध रखना नहीं चाहती।





