सोमालिया: वोटिंग सेंटर में हुए आत्मघाती बम धमाके में महिला सांसद समेत 48 लोगों की मौत

सोमालिया के एक वोटिंग सेंटर में हुए आत्मघाती बम धमाके में एक महिला सांसद समेत कम से कम 48 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी. हमला बुधवार देर रात सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के हिरन क्षेत्र के बेलेडवेयेन कस्बे में हुआ.

महिला सांसद की मौत

मरने वालों में सरकार की मुखर आलोचक मानी जाने वाली विपक्षी सांसद अमीन मोहम्मद अब्दी भी शमिल हैं, जो नेशनल असेंबली की अपनी सीट पर हो रहे चुनाव के लिये प्रचार कर रही थीं. सोमालिया के हीरशाबेले प्रांत के गवर्नर अली गुदलावे ने बताया कि हमले की जिम्मेदारी सोमालिया के विद्रोही समूह अल-शबाब ने ली है.

इस हमले में कम से कम 48 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर आम नागरिक हैं. उन्होंने बताया कि 108 अन्य घायल भी हुए हैं. जानकारी के मुताबिक पहला आत्मघाती हमला विपक्षी सांसद को निशाना बनाकर किया गया था. पहले धमाके के बाद जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था तब एक कार में रखे विस्फोटक से दूसरा हमला किया गया.

प्रधानमंत्री ने दिया ये बयान

सोमालिया में संसदीय चुनाव चल रहे हैं और निम्न सदन के लिए 275 सदस्यों का चुनाव होना है जो बाद में देश का नया राष्ट्रपति चुनेंगे. प्रधानमंत्री मोहम्मद हुसैन रोबले ने कहा कि यह धमाके चुनाव को बाधित करने के लिए हुए हैं. 

Back to top button