E-Shram पोर्टल पर अब तक 4 करोड़ से भी अधिक लोग करा चुके है अपना रजिस्ट्रेशन, पढ़े पूरी खबर

 असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए बनाए गए पोर्टल E-Shram पोर्टल पर अब तक 4 करोड़ से भी अधिक लोग अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने रविवार को जानकारी उपलब्ध कराते हुए यह बताया कि, E-Shram पोर्टल के लॉन्च होने के दो महीने से भी कम समय में पंजीकरण की संख्या 4 करोड़ को पार कर गई है।

श्रम मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, निर्माण, परिधान निर्माण, मछली पकड़ने, गिग और प्लेटफॉर्म वर्क, स्ट्रीट वेंडिंग, घरेलू काम, कृषि और संबद्ध, परिवहन क्षेत्र जैसे कई व्यवसायों में श्रमिकों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें से कुछ क्षेत्रों में, प्रवासी श्रमिकों का अच्छा खासा अनुपात भी शामिल है।

प्रवासी सहित असंगठित क्षेत्र के सभी कामगार अब E-Shram पोर्टल पर पंजीकरण के जरिए कई सारी सामाजिक सुरक्षा और रोजगार आधारित योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। हालिया जारी आंकड़ों के मुताबिक, पोर्टल पर 4.09 करोड़ श्रमिकों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से लगभग 50.02 फीसद लाभार्थी महिलाएं हैं और 49.98 फीसद पुरुष हैं। आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा पंजीकरण के साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश राज्य इस पहल में सबसे आगे हैं।

E-Shram पोर्टल पर पंजीकरण के जरिए, असंगठित क्षेत्र के कामगार, कई अहम कल्याण कार्यक्रमों और रोजगार में श्रमिकों के लिए विभिन्न अधिकारों के वितरण और पहुंच की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए, कामगार E-Shram के मोबाइल एप्लिकेशन या वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा CSC सेंटर, राज्य सेवा केंद्र, श्रम सुविधा केंद्रों, डाक विभाग के चुनिंदा डाकघरों और डिजिटल सेवा केंद्रों पर जाकर भी पंजीकरण कराया जा सकता है।

E-Shram पोर्टल पर पंजीकरण के बाद, असंगठित श्रमिकों को एक डिजिटल E-Shram कार्ड प्राप्त होगा। वे पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने प्रोफाइल को अपडेट भी कर सकते हैं। श्रमिकों के पास एक सार्वभौमिक खाता संख्या होगी जो पूरे देश में स्वीकार्य होगी। श्रमिकों उन्हें सामाजिक सुरक्षा लाभ प्राप्त करने के लिए अलग अलग स्थानों पर पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं होगी।

Back to top button