SIT में कुंवर विजय प्रताप की वापसी पर बादल ने कहा- इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, मैं जेेेल जाने से नहीं डरता

लोकसभा चुनाव के दौरान विवाद का केंद्र रहे कुंवर विजय प्रताप सिंह बहिबलकलां और कोटकपूरा गोलीकांड की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) से फिर जुड़ गए हैं। इस संबंध में जब पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से पूूूूछा गया तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस का एक ही उद्देश्य है कि उनके खिलाफ कुछ कहलाया जाए, लेकिन हमें उनका कोई डर नहीं है। सिट उनके खिलाफ कुछ भी कर दे वह न तो जेल से डरते हैं और न ही किसी अन्य से।
बता दें, अक्टूबर 2015 में फरीदकोट के बरगाड़ी में श्री गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी के बाद बहिबलकलां और कोटकपूरा में सिखों में प्रदर्शन किया था। बहिबलकलां में पुलिस फायरिंग के दौरान दो युवकों की मौत हो गई थी। उस समय प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री थे, जबकि गृह विभाग सुखबीर सिंह बादल के पास था। कुंवर विजय प्रताप इसकी जांच के लिए बनी SIT केे सदस्य हैं। चुनाव के दौरान कुंवर विजय प्रताप शिअद के निशाने पर रहे थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कुंवर पर तीखा हमला भी बोला था। इसके कारण पंजाब सरकार ने मजीठिया पर मानहानि का केस भी किया हुआ है।
बठिंडा से हरसिमरत कौर को जिताने पर धन्यवाद के लिए गांवों में पहुंचे बादल ने कैप्टन पर बदलाखोरी की राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि वह ऐसा पहले भी करते थे। बादल ने कहा कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है जिस कारण राज्य में रोजाना ही घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान बादल ने पाकिस्तान में गुरु नानक निवास गुरुद्वारा साहिब गिराने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने को कहा।उन्होंने कहा कि जिन्होंने ऐसा किया उन्होंने बहुत गलत किया, उन्हें इसकी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन राज्य स्तर पर तो इसका हल नहीं हो सकता है वह दिल्ली में जाएंगे जहां पर वह नरेंद्र मोदी से बात करेंगे।
बिजली के दाम बढ़ने पर बादल ने कहा कि हमने तो अपनी सरकार में बिजली सरप्लस की थी। इसमें किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ी थी, लेकिन कांग्रेस के पास कोई जिम्मेदार व्यक्ति ही नहीं है जो इन सब को संभाल सकते। जिस कारण यह सब कुछ हो रहा है। मंगलवार को बादल ने गांव भीटीवाला, रोडांवाली, फतूहीखेड़ा, सिखवाला, पंजावा, लंबी, खियोवाली व बादल में वोटरों का धन्यवाद किया।





