सिरसा: वकीलों ने गृहमंत्री विज से की मुलाकात

हरियाणा के सिरसा के रोड़ी और बडागुढ़ा थाना क्षेत्र को डबवाली कोर्ट से जोड़ने के विरोध में बार एसोसिएशन की बेमियादी हड़ताल बुधवार तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार दोपहर को पदाधिकारियों ने चंडीगढ़ में जहां गृहमंत्री अनिज विज से मुलाकात की और पूरे मामले से अवगत करवाया, वहीं देर शाम को मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत की। अब इस मामले में हाईकोर्ट की एक टीम दोनों थाना क्षेत्रों के गांवों में निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत करेगी। इसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही उपायुक्त भी इस संबंध में ग्रामीणों से बातचीत कर मुख्यमंत्री को अपनी रिपोर्ट देंगे।
सिरसा जिले के रोड़ी और बडागुढ़ा थाना क्षेत्र को डबवाली अदालत से जोड़ दिया गया है। इन दोनों थानों के सारे केस डबवाली कोर्ट में ट्रांसफर हो चुके हैं। ऐसे में 71 गांवों के हजारों ग्रामीणों व सिरसा के वकीलों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार के इस फैसले के विरोध में और दोनों थाना क्षेत्र को सिरसा से जोड़ने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन के सदस्य तीन दिन से बेमियादी हड़ताल पर हैं। इस मामले को लेकर बुधवार को बार के सदस्य चंडीगढ़ पहुंचे और गृहमंत्री अनिल विज से मुलाकात की।
बार एसोसिएशन ने गृहमंत्री को बताया कि दोनों थाना क्षेत्र के गांवों से डबवाली कोर्ट 50 से 60 किमी दूर स्थित है, जबकि सिरसा कोर्ट आठ से 30 किमी तक की दूरी पर है। एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट गणेश सेठी ने बताया कि गृहमंत्री अनिल ने पदाधिकारियों से कहा कि निश्चिंत हो जाओ। अधिकारियों से सारी जानकारी लेता हूं।
उन्होंने सिरसा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही हाईकोर्ट की एक टीम दोनों थाना क्षेत्रों के गांवों में जाकर ग्रामीणों से बातचीत करेगी। इसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद, एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के वरिष्ठ निरीक्षण अधिकारी से मुलाकात की।
देर शाम सीएम से फोन पर बातचीत की
एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट गणेश सेठी ने बताया कि शाम को मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल से मुलाकात हुई। भूपेश्वर दयाल ने उनकी मुख्यमंत्री मनोहर लाल से फोन पर बातचीत करवाई। गणेश सेठी ने बताया कि सीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि उपायुक्त सिरसा इस मामले में ग्रामीणों से बातचीत कर रिपोर्ट देंगे। अगर ग्रामीणों को ज़्यादा परेशानी है तो इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
4 की खारिज, 2 आरोपियों को मिली जमानत
वकीलों की हड़ताल के कारण बुधवार को भी सिरसा की अदालतों में अधिकतर मामलों की सुनवाई नहीं हो पाई। अदालतों ने बचाव पक्ष की बहस पूरी हो चुकी वाली जमानत याचिकाओं और केसों पर फैसले सुनाए। फर्जी फर्म के आरोपी अमित बंसल सहित अन्य जमानत याचिकाएं खारिज हुईं और दो याचिकाओं मेें आरोपियों को जमानत मिल गई। कई केसों में अदालतों ने आरोपियों को बरी कर दोषी को सजा सुनाई। पिछले तीन दिनों में अदालतों में दो हजार से अधिक मामलों की सुनवाई टल गई। लोगों को अगली तारीख लेकर घर लौटना पड़ रहा है।





