हिला गुजरात, लोगों ने महसूस किए भूकंप के जोरदार झटके

गुजरात के भरूच इलाके में शुक्रवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक ये भूकंप के झटके दोपहर 3 बजकर 39 मिनट पर महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई है. क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने-अपने घरों से बाहर आ गए. हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जान माल की हानि की कोई खबर नहीं है.

भूकंप का केंद्र भरूच से 36 किलोमीटर दूर नैत्रंग मोटा माल पर बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार को भरूच के अलावा सूरत, नर्मदा, अंकलेश्वर, खेड़ा व वडोदरा आदि शहरों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. इससे पहले गुजरात के ही कच्छ में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. 25 अक्टूबर को कच्छ में 3.6 तीव्रता का भूकंप का झटका आया था.
कच्छ में भूकंप की स्थिति
गांधीनगर स्थित भूकंप अनुसंधान संस्थान के एक अधिकारी ने बताया कि इसका केंद्र कच्छ जिले के अंजार शहर से पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 12 किलोमीटर की दूरी पर था और इसे सुबह 8.18 बजे महसूस किया गया. उन्होंने बताया कि भूकंप की गहराई 19.5 किलोमीटर दर्ज की गई है. गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, कच्छ, उच्च खतरे वाले भूकंप जोन में स्थित है.





