Sensex: लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, यस बैंक चढ़ा, मारुति सुजुकी के शेयर गिरे

विदेशी बाजारों के सकारात्मक संकेत मिलने के बाद भी मारुति सुजुकी के खराब रिजल्ट का असर शेयर मार्केट पर नजर आया। कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार मजबूती के साथ खुलने के बाद लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 169.56 अंकों की गिरावट के साथ 36,025.54 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी सुबह 10,859.75 पर खुला था लेकिन 69.25 अंकों की गिरावट के साथ 10,780 पर बंद हुआ।
अमेरिकी टेक कंपनियों के बेहतर परिणाम से उत्साहित विदेशी बाजारों में आज तेजी का रुख रहा। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डैक्स 1.13 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.10 प्रतिशत की तेजी रही। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगशैंग 1.65, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.52, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.39 और जापान का निक्की 0.97 प्रतिशत की तेजी रही।
घरेलू बाजार में मारुति सुजुकी के शेयरों में सबसे ज्यादा 7.40 फीसदी की गिरावट रही। इसके कारण ऑटो सुचकांक 3.14 फीसदी लुढ़क गया। प्राइवेट बैंक यस बैंक के रवनीत सिंह को बैंक का नया प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किए जाने से इसके शेयरों में तेजी बनी रही। यस बैंक के शेयरों में 2.71 प्रतिशत की तेजी रही जिसके दम पर यह सेंसेक्स की सबसे कमाऊ कंपनी साबित हुई।





