दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से मचा हाहाकार तापमान 40.7 डिग्री पंहुचा

चक्रवाती तूफान एंफन के चलते दिल्ली-एनसीआर में एक तरह से भीषण गर्मी में इजाफा हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ था, लेकिन एंफन तूफान ने उसे बेअसर कर दिया है।

इससे हवाओं का रुख बदल गया है। राजस्थान से आने वाली हवा उत्तर भारत की ओर गर्मी लेकर आ रही है। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

वहीं, कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार के बीच मौसम का मिजाज भी गर्म होने लगा है। बुधवार को तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रहने से दिन में गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, गर्मी भी बढ़ती गई। शाम को सूरज ढलने के बाद लोगों को राहत मिली।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, शुक्रवार को बारिश होने की संभावना है। पिछले तीन दिन से तापमान 40 डिग्री के पार ही बना हुआ है। वातावरण में नमी घटने से हवा गर्म हो रही है। बुधवार को सुबह से गर्मी होने लगी। दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच तापमान में उछाल आया।

आइएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 21 से 35 फीसद के बीच रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि बारिश के बाद तापमान फिर से बढ़ेगा।

उधर, स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी पर बना मौसमी सिस्टम प्रभावी होते हुए चक्रवाती तूफान बन गया है। हवाओं का रुख दिल्ली-एनसीआर की ओर से होने से यहां शुक्रवार को बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस वर्ष लॉकडाउन के कारण प्रदूषण कम है। इसका असर मौसम पर भी पड़ा है और पिछले साल से गर्मी कुछ कम है।

मई के शुरुआती 15 दिन में अधिकतम पारा 40 डिग्री से नीचे था, लेकिन अब गर्मी बढ़ने लगी है। दिन में तेज धूप के साथ गर्म हवा लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि अभी अधिकतम पारा पिछले साल की तुलना में कम है। 2019 की तुलना में यह दो-तीन डिग्री की कम है।

Back to top button