हरिद्वार में अनशन पर बैठे संत गोपालदास की बिगड़ी तबियत, एम्स में कराया भर्ती

गंगा को लेकर अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद के देहावसान के बाद शुक्रवार को मातृसदन में अनशन पर बैठे गोपालदास को देर रात करीब दो बजे एम्स ऋषिकेश में भर्ती करा दिया गया। हरिद्वार में अनशन पर बैठे संत गोपालदास की बिगड़ी तबियत, एम्स में कराया भर्ती
देर रात मातृसदन में पहुंची एम्स के डॉक्टरों की टीम ने बताया कि गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए एहतियातन गोपलदास को एम्स में भर्ती कराया गया है। बता दें कि गुहाना हरियाणा के रहने वाले संत गोपालदास पिछले 111 दिनों से उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर अनशन कर रहे थे।

शुक्रवार को वह जल पुरुष राजेंद्र सिंह के साथ हरिद्वार पहुंचे। अब वह यहां मातृसदन में ही रहकर अनशन करेंगे। स्वामी सानंद का आमरण अनशन के 112वें दिन बृहस्पतिवार को ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में देहावसान हो गया था। शुक्रवार को गोपालदास के अनशन की सूचना मिलते ही जिला और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। खुफिया विभाग ने उच्च अधिकारियों को जानकारी दी तो अधिकारी संत गोपालदास के अनशन को समाप्त कराने के तरीके तलाशते नजर आए।

स्वामी सानंद की मौत को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी

स्वामी सानंद की मौत को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच जलपुरुष राजेंद्र सिंह और जानेमाने पर्यावरणविद रवि चोपड़ा के साथ आए संत गोपालदास ने बताया कि वह भी गंगा की रक्षा के लिए पिछले 111 दिनों से आमरण अनशन कर रहे हैं।

पहले उन्होंने बद्नीनाथ, जोशीमठ और फिर ऋषिकेश में आमरण अनशन किया। अनशन की शुरूआत उन्होंने 24 जून को की थी। तीन दिन पहले से वे जल भी त्याग चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनका अनशन स्वामी सानंद के अनशन के समर्थन में है और अब वह मातृसदन में ही रहकर उसी कमरे में अनशन करेंगे जहां स्वामी सानंद ने अनशन किया था। 

स्वामी शिवानंद, जल पुरुष रोजेंद्र सिंह, पर्यावरणविद रवि चोपड़ा, अधिवक्ता अरुण भदौरिया और हिंदू क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव चौधरी आदि के आग्रह पर गोपालदास ने जल तो ग्रहण कर लिया, लेकिन गंगा की अविरलता की मांग पूरी होने तक अनशन जारी रखने की बात कही।

Back to top button