RIMS से बाहर निकले तेजस्वी, बोले: बिहार-झारखंड में क्लीन स्वीप करेगा महागठबंधन

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से रिम्स में मिल कर तेजस्वी यादव बाहर निकल गए हैं। शनिवार को वे अपने पिता से काफी देर तक बात की। रिम्स से बाहर निकलते ही उन्हें मीडिया ने घेरा। तेजस्वी ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव की तबीयत खराब है। इसलिए वे लोग मिलने आए हैं। उन्होंने सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को टालते हुए कहा कि यह जरूरी नहीं है कि जब भी यहां लोग फॉर्मूला तय करने ही आएं। 
तेजस्वी ने चलते-चलते कहा कि बिहार व झारखंड में एनडीए का सफाया हो जाएगा। 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन क्लीन स्वीप करेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी की स्थिति काफी खराब है। एनडीए के नेता भाग रहे हैं, लेकिन उनसे कोई सवाल नहीं करता कि वे क्यों भाग रहे हैं। बीजेपी के कार्यों को लेकर महाराष्ट्र में शिव सेना हमला कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं है। जल्द ही समय पर इसका खुलासा हो जाएगा। बस थोड़ा इंतजार कीजिए। उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग का फैसला हमलोग कर लेंगे। किसी तरह की कोई प्रॉब्लम नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि हमलोगों का कोई फॉर्मूला नहीं है। जनता के बीच जाएंगे। जीतने वालों को सीट दी जाएगी।
उन्होंने बिहार सीएम पर चोट करते हुए कहा कि हम नीतीश कुमार तो हैं नहीं, जो सूबे को अपराधियों के हवाले कर दें और सीट शेयरिंग के लिए घूमते रहें। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की जगह हम होते तो पहले अपराधियों को जेल में डालते, उसके बाद सीटों की बात करते। लेकिन, नीतीश कुमार को तो केवल कुर्सी से प्रेम है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी तंज कसा और कहा कि पूरे देश से एनडीए का सफाया हो जाएगा।
गौरतलब है कि रांची के रिम्स में आज तेजस्वी के अलावा रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और निषाद संघ के नेता मुकेश सहनी ने भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने सीट शेयरिंग की स्ट्रेटजी के संकेत दिए। माना जा रहा है विपक्षी नेताओं की लालू से इस मुलाकात में महागठबंधन की सियासत को ले बड़ा फैसला लिया गया है। लालू से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने राजद सुप्रीमो के स्वास्थ्य का हाल जाना। कुछ सियासी बातचीत भी हुई। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी इसका खुलासा नहीं कर सकते हैं।





