पहले लूटा, फिर डराकर रिटायर्ड दंपति को किया घर से बेघर, अब दे रहे ऐसी धमकी…
बटाला.बटाला में कानून पंगु हो चुका है। एसएसपी घुम्मन भले ही दावा करें कि शहर में कानून व्यवस्था दुरुस्त है पर हकीकत कुछ और ही है। कानून को धता बताने वाले लुटेरे यहां बेखौफ होकर लोगों को लूट रहे हैं। ताजा मामला शहर की राधा कॉलोनी के रिटायर्ड प्रोफेसर दंपती का है। लुटेरों ने 16 अगस्त को रिटायर्ड प्रोफेसर दंपति को निशाना बना आठ लाख रुपए लूटे और बार-बार धमकी देने की वजह से पीड़ित दंपती को अपना घर छोड़ना पड़ा। यही नहीं लुटेरे अब घर की रखवाली करने वाले पड़ोसियों को भी चिट्ठी लिखकर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

पीड़ित पड़ोसियों ने इसकी शिकायत पुलिस में की है। वहीं, प्रोफेसर अशोक अग्निहोत्री का कहना है कि पुलिस चाहे तो इस मामले को सुलझा ले पर पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है।घर और शहर छोड़ने के लिए मजबूर प्रोफेसर दंपति की घर की रखवाली करने वाले पड़ोसी युवक परमजीत ने बताया कि लुटेरों ने उसे सरेआम चिट्ठी भेज कर धमकी दी कि यदि वह प्रोफेसर के घर सोना नहीं छोड़ेगा तो उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पुलिस के पास जा कर उनकी मदद से तुम हमें नहीं पकड़वा सकते। इसके कुछ दिन बाद ही उसे एक और गुमनामी चिट्ठी मिली। इसमें लिखा था, ‘हमने पहले भी चेतावनी दी थी, शायद तूने नहीं पढ़ा। दूसरों की चिंता छोड़ कर अपने घरवालों की सोच। हम चाहें तो तुमको कभी भी रास्ते से हटा सकते हैं।
इसे भी देखें:- अभी-अभी: पीएम मोदी को तगड़ा झटका! ऐसा हुआ तो अब 38 रुपए लीटर मिलेगा पेट्रोल!
16 अगस्त को सिर पर राड मार लूटे थे 8 लाख
रिटायर्ड प्रोफेसर अशोक अग्निहोत्री ने बताया कि उनके दोनों बेटे आस्ट्रेलिया में रहते हैं और वह पत्नी के साथ राधा कृष्ण कालोनी में अकेले रहते थे। 16 अगस्त को सुबह वह पत्नी के साथ जब सैर से वापस लौटे, तो घर में पहले से दाखिल लुटेरों ने लोहे की राड से उन्हें जख्मी कर घर से आठ लाख कीमत के गहने और नकदी व डॉलर लूट कर ले गए। इस संबंध में उन्होंने उसी दिन थाना सिटी में शिकायत दर्ज करवाई थी। अगले दिन उन्होंने अपने पड़ोसी युवक परमजीत हैप्पी को सुरक्षा के लिहाज से अपने घर में सुलाया। उसी रात उन्हें एक अज्ञात नंबर से मोबाइल फोन पर फोन आया कि प्रोफेसर अब तुमने अपने पड़ोसी के लड़के परमजीत को घर में सुलाया है लेकिन हम तुम्हें छोड़ेंगे नहीं, जो हमें करना है वो हम करके ही रहेंगे। धमकी भरे फोन काल की थाना सिटी को जानकारी दी गई लेकिन उन्होंने कुछ भी नहीं किया। इस बीच डर के मारे प्रोफेसर अग्निहोत्री घर छोड़कर जा चुके थे।
एसएसपी से शिकायत करने गया था, वे मिले नहीं
धमकी भरे दोनों गुमनाम चिट्ठियों को लेकर मैं आज एसएसपी कार्यालय गया था, लेकिन एसएसपी से मुलाकात नहीं हुई। सुबह उनसे सारे मामले की शिकायत की जाएगी।’ -परमजीत, पीड़ित पड़ोसी
लूट की जांच चल रही है, जल्द ही मामला सुलझेगा। पर उन्हें धमकाया जाना और पड़ोसी को धमकी भरी चिट्ठियां मिलने के बारे में हमें सूचना नहीं मिली। फिर भी मामला जल्द सुलझा लिया जाएगा।-ओपिंदरजीत सिंह घुम्मन, एसएसपी बटाला





