बिना रिमूवर के ऐसे हटायें नेल पॉलिश

बहुत बुरा लगता है जब आपको कहीं जाना हो और आप जिस चीज को ढूंढ़ रही हों, वह न मिले। खासतौर पर आपको किसी शादी, पार्टी में शामिल होने के लिए तैयार होना हो और ऐसे में जब आप पहले की लगी हुई आधी-अधूरी नेल पॉलिश को हटाना चाहती हैं। तब आप नेल पॉलिश रिमूवर ढूंढ़ती हैं। मगर उसे या तो आप कहीं रख कर भूल गई होती हैं या वह खत्म हो गया होता है। ऐसे में मूड खराब होना लाजिमी है, क्योंकि तब समस्या यह आती है कि नेल पॉलिश को बिना नेल पॉलिश रिमूवर के कैसे हटाया जाए। इस स्थिति में आप घर में मौजूद कुछ अन्य चीजों का इस्तेमाल करके भी अपने नाखूनों से कलर हटा सकती हैं…
– आप डॉक्टर्स स्पिरिट को भी रिमूवर की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। यह एंटी-बैक्टीरियल होता है ऐसे में अगर नाखून में इन्फेक्शन है तो उसके लिए भी ये बेहद कारगर है। बस कॉटन में थोड़ा सा स्पिरिट लगाकर इससे नाखून को रब करें और नेल पेंट छूट जाएगा।

– अपने नाखूनों से नेल पॉलिश छुड़ाने के लिए आप गरम पानी का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। इसके लिए किसी बर्तन में गरम पानी लेकर उसमें अपने हाथ कुछ देर डुबा कर रखें। फिर कॉटन या सूती कपड़े को नाखूनों पर रगड़ें इससे नेल पॉलिश का रंग उतर जाएगा।
– बचपन में नेल पॉलिश के ऊपर नेल पॉलिश लगाया करते थे, यह तब खेल होता था। मगर आप अब इसका इस्तेमाल अपने नाखूनों के कलर को साफ करने में कर सकती हैं। यह नेल पॉलिश रिमूवर का काम करेगी। बस अपने नाखूनों पर लगी पुरानी नेल पॉलिश पर कई बार नेल कलर लगाएं। इससे आपकी पुरानी नेल पॉलिश का कलर आसानी से उतर जाएगा।

– आप अल्कोहल की मदद से भी अपने नाखूनों का नेल कलर हटा सकती हैं। इसके लिए ज्यादा कुछ नहीं करना होता, बस एक कॉटन बॉल पर अल्कोहल लगाएं और फिर इससे अपने नाखूनों को रगड़ें। इससे नेल पॉलिश धीरे धीरे उतर जाएगी और आपके नाखून साफ हो जाएंगे।
– अक्सर घरों में सिरका रखा होता ही है। इसके जरिये भी आप अपने नाखूनों से नेल पॉलिश का रंग हटा सकती हैं। इसके लिए सिरके को रूई से अपने नाखूनों पर रगड़ें। इससे नेल पॉलिश साफ हो जाएगी।

– नीबू की मदद से भी आप अपने नाखूनों से नेल कलर छुड़ा सकती हैं। इसके लिए ज्यादा कुछ नहीं करना होगा। बस अपनी उंगलियों को कुछ देर के लिए गरम पानी में डुबा कर रखें। इसके बाद अपने नाखूनों पर नीबू को रगड़ें। इससे भी नेल पॉलिश आसानी से उतर जाएगी।
– अपने नाखूनों के नेल कलर को हटाने के लिए आप अपने घर में रखे टूथपेस्ट का इस्तेमाल भी नेल पॉलिश रिमूवर के तौर पर कर सकती हैं। इसके लिए थोड़ा सा टूथपेस्ट अपने नाखूनों पर लगाएं। फिर सूती कपड़े या कॉटन से इसे रगड़ कर साफ कर दें। आपके नाखून साफ हो जाएंगे।

Back to top button