Raniya arrested in Rajasthan. राजस्थान में पुलिस ने इनामी बदमाश रणिया को कर लिया गिरफ्तार

जिला पुलिस ने राज्य के टॉप 25 बदमाशों में शुमार इनामी बदमाश रणिया उर्फ राणा को गिरफ्तार कर लिया है। रणिया माण्डवा में अपहरण, जानलेवा हमला, पुलिस पर फायरिंग सहित अन्य मामलों में वांछित चल रहा था। वहीं, इसके खिलाफ जिले के माण्डवा, कोटड़ा और सिरोही के रोहिड़ा थाना क्षेत्र में 53 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। बकरा चोरी से लेकर बड़ी चोरी, लूट, डकैती को अंजाम देने के चलते इसका क्षेत्र में इतना आतंक है कि इस बार चुनाव में ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी तक दी थी कि अगर इस की गिरफ्तारी नहीं की तो मतदान का बहिष्कार कर देंगे।
एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई के अनुसार कूकावास, माण्डवा निवासी राणा उर्फ रणिया 53 पुत्र देवा बुंबडिया को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित पुलिस पर फायरिंग करने सहित माण्डवा थाने में दर्ज 4 संगीन मामलों में वांटेड चल रहा था और राज्य के टॉप 25 बदमाशों में एक है। इस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके खिलाफ इसकी उम्र के बराबर 53 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीमें इसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी। शनिवार को कांस्टेबल सलीम और तपेन्द्र को सूचना मिली कि बदमाश रणिया उसके गांव तिलरवा में खेतला बावजी मंदिर परिसर में पूजा करने आ रहा है। इस पर अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम हैड कांस्टेबल उम्मेद सिंह, कांस्टेबल सलीम, तपेन्द्र और करतार सिंह मौके पर पहुंची, वहां राणा उर्फ रणिया मौजूद था, जिसे घेरा डालकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।





