राम रहीम पर फैसला होगा आज दिल्ली की सुरक्षा में 55 हजार जवान तैनात
नई दिल्ली. डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख पर सोमवार को फैसला आ रहा है। हिंसक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में हाईअलर्ट जारी है। दिल्ली के बॉर्डर पर 5 हजार पैरामिलिट्री फोर्स के जवान और दिल्ली के अंदर 50 हजार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने 4 हजार डेरा अनुयायियों की सूची तैयार की है। इनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। दिल्ली में धारा 144 लागू होने के साथ ही पूर्वी और बाहरी दिल्ली के जिलों में बवाल होने की आशंका के चलते पुलिस पेट्रोलिंग व विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।

जांच के बाद ही मिलेगी दिल्ली में एंट्री…
– बॉर्डर पर तैनात जवानों को पुलिस आयुक्त का खास निर्देश दिया गया है कि दिल्ली की सभी सीमाओं को सील करने के साथ ही सभी वाहनों को जांच के बाद ही दिल्ली में प्रवेश की इजाजत दें। इतना ही नहीं किसी भी संदिग्ध वाहन के प्रवेश पर रोक की सख्त हिदायत दी गई है।
इन इलाकों पर रहेगी नजर
– दिल्ली उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद व नोएडा की सीमा से सटे विवेक विहार, आनंद विहार, गाजीपुर, न्यू अशोक नगर, व वसुंधरा अौर हरियाणा बॉर्डर के साथ सटे अलीपुर,कापसहेड़ा, सिंघू और औचंदी बॉर्डर इलाकों को क्षेत्र में चौकसी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
डेरे और सत्संग भवन पर कब्जा, अनुयायियों पर रोक
– राम रहीम का दिल्ली स्थित आजाद नगर में डेरे और कंझावला और बेगमपुर इलाके में बने सत्संग भवनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया हैं। जहां सभी अनुयायियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
– सोमवार से यहां किसी को भी प्रवेश की इज्जत नहीं है। पुलिस के अनुसार अगर इस दौरान डेरे या सत्संग भवन पर कोई अनुयायी वहां पहुंचता है, तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- अभी-अभी: भारत की हुई ऐतिहासिक जीत, खत्म हुआ….!
मेट्रो नेटवर्क को बाधित कर सकते हैं डेरा समर्थक, छोटे ग्रुप में मेट्रो स्टेशन में दाखिल होने की आशंका
दुष्कर्म के आरोपी राम रहीम पर चंडीगढ़ हाईकोर्ट द्वारा सजा का एलान करने के साथ डेरा समर्थक व्यापक स्तर पर हुड़दंग मचा सकते हैं। सीआईएसएफ की इंटेलीजेंस यूनिट को सुराग मिले है कि डेरा समर्थक पहले छोटे-छोटे ग्रुप में मेट्रो स्टेशन के भीतर दाखिल होंगे, इसके बाद पूर्व निर्धारित मेट्रो स्टेशन पर यह सभी ग्रुप इकट्ठा होकर मेट्रो परिचालन को बाधित करने की कोशिश कर सकते हैं। डेरा समर्थकों की साजिश को नाकाम करने के लिए सीआईएसएफ ने तैयारी पूरी कर ली है। सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी गई है।
वहीं हर दो स्टेशनों के अंतराल में क्यूआरटी की मूविंग टीम को तैनात किया गया है। क्यूआरटी की मूविंग टीम हर स्टेशन का जायजा लेंगी, इसके बाद अगले स्टेशन के लिए रवाना हो जाएगी। सीआईएसएफ की प्रोफाइलिंग टीम को मेट्रो स्टेशन के अंदर और बाहर तैनात किया गया है। मेट्रो स्टेशन के बाहर तैनात प्रोफाइलर पचास मीटर के दायरे में होने वाली गतिविधियों पर अपनी नजर रखेंगे।
वहीं सीसीटीवी आब्जर्वर को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं पर ऐसी भीड़ नजर आती है, जिसमें शामिल लोग एक ही समूह के लग रहे हों, तो इसकी जानकारी तत्काल केंद्रीय कंट्रोल रूम को दें। जिससे समय रहते इस भीड़ को वहां से हटाया जा सके। किसी भी आपात स्थित से निपटने के लिए सीआईएसएफ ने 30 लोकेशन पर अपनी स्ट्राइकिंग रिजर्व को तैनात किया है। सीआईएसएफ ने सड़क के रास्ते दूसरे स्टेशन पर पहुंचने के लिए दिल्ली पुलिस की मदद से एक रोड मैप भी तैयार किया है।
विभिन्न शहरों में फंसे मुसाफिरों के लिए अतिरिक्त फ्लाइटों का होगा परिचालन
डेरा प्रमुख की सजा का ऐलान होने के बाद राम रहीम के समर्थकों सड़कों पर हुड़दंग कर वाहनों की आवाजाही बाधित करते हैं। ऐसी स्थित में विभिन्न शहरों में फंसे लोगों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए सोमवार और मंगलवार को अतिरिक्त फ्लाइटें का परिचालन किया जाएगा। अतिरिक्त फ्लाइटें का परिचालन डायरेक्टर जनरल आफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की पहल पर किया जा रहा है।
डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार विस्तारा, इंडिगो और एयर इंडिया अतिरिक्त फ्लाइटें का परिचालन दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़, मुंबई, अमृतसर और जम्मू सेक्टर के बीच करेंगी।
डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली-अमृतसर-दिल्ली सेक्टर के लिए अतिरिक्त फ्लाइट के परिचालन के लिए स्वीकृति दे दी गई है। विस्तारा एयरलाइंस सोमवार को दिल्ली-चंडीगढ़-दिल्ली और दिल्ली-अमृतसर-दिल्ली सेक्टर के बीच अतिरिक्त फ्लाइट का परिचालन करेगी। वहीं इंडिगो एयरलाइंस ने 29 अगस्त को दिल्ली-जम्मू-दिल्ली के बीच अतिरिक्त फ्लाइट परिचालित करने की सहमति डीजीसीए को दी है। डीजीसीए ने एयर इंडिया से दिल्ली –जम्मू-दिल्ली सेक्टर पर अतिरिक्त फ्लाइट परिचालित करने का भी अनुरोध किया है। डीजीसीए के अनुसार कुछ सेक्टरों में रविवार को भी अतिरिक्त फ्लाइटें का परिचालन किया गया है।





