अमेठी पर CM रूपाणी ने राहुल की ली चुटकी, कहा- कुशासन का देश दे रहा जवाब

शुक्रवार को आए निकाय चुनाव के परिणामों में कांग्रेस को यूपी में जबरदस्त शिकस्त मिली है। यहां तक की कांग्रेस के गढ़ अमेठी में भी कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी। कांग्रेस की इस जबरदस्त शिकस्त के बाद भाजपा के छोटे-बड़े सारे मंत्री राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साध रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ एक युद्ध छेड़ दिया गया है। इसी कड़ी में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है- देश दे रहा है जवाब, 70 साल के कुशासन, भ्रष्टाचार और वंशवाद का। उन्होंने आगे लिखा है कि आज कोई झूठ नहीं, लगता है UP की जनता से सारे झूठ और ज़हर का जवाब मिल गया ! अमेठी की दुर्दशा कर गुजरात को छलने आए ? गांधी और सरदार की धरती से जनता-जनार्दन जल्दी ही देगी बाक़ी जवाब।
अमेठी में राहुल गांधी के कम वक्त दे पाने का एक नतीजा यह भी हुआ कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता या किनारे कर दिए गए हैं या फिर निष्क्रिय होकर घर बैठ गए। जाहिर तौर पर स्थानीय चुनावों में इन बातों का असर पड़ना स्वाभाविक ही था।
वैसे इन दिनों ट्ववीटर वार जोरों पर है। राहुल गांधी और विजय रूपाणी के बीच भी इससे पहले शहीद की बेटी का वीडियो वायरल होने पर ट्वीटर वार खूब चला। गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक लड़की को सीएम विजय रूपाणी की रैली से घसीटने का वीडियो वायरल होने के बाद सीएम रूपाणी ने जहां लड़की के परिवार के लिए विभिन्न तरह की सुविधाओं की घोषणा की है।
वहीं राहुल गांधी ने उस वायरल हुए वीडियो को ट्वीट करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा था कि ‘परम देशभक्त रूपाणी ने एक शहीद की बेटी से ऐसा बर्ताव कर मानवता को शर्मसार किया है।’ राहुल के इस ट्वीट के बाद ही रूपाणी ने लड़की के परिवार को दी जाने वाली सुविधाओं का ऐलान करते हुए ट्वीट किया और राहुल गांधी को कहा कि वह गंदी राजनीति करना बंद करें।





