उत्तराखंड में आज से शुरू होगी धान की खरीद, 178 क्रय केंद्रों पर किसानों से खरीदा जाएगा धान

उत्तराखंड राज्य में आज से धान की खरीद शुरू की जाएगी। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अंतर्गत 178 क्रय केंद्रों पर किसानों से धान खरीदा जाएगा।उत्तराखंड में आज से शुरू होगी धान की खरीद, 178 क्रय केंद्रों पर किसानों से खरीदा जाएगा धान

प्रदेश सरकार ने मूल्य समर्थन योजना के तहत खरीफ सीजन वर्ष 2018-19 में किसानों से 1.50 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से अधिक एजेंसियों व कमीशन एजेंटों के माध्यम से धान क्रय किया जाएगा। 

सरकार की ओर से खरीफ सीजन के लिए जारी की गई धान की खरीद नीति के अनुसार एक अक्तूबर से प्रदेश में धान की खरीद शुरू होगी। प्रदेश में सबसे ज्यादा धान का उत्पादन कुमाऊं मंडल के तहत ऊधमसिंह नगर जिला में होता है। सरकार ने कुमाऊं मंडल के लिए धान खरीदने का लक्ष्य 1.20 लाख मीट्रिक टन रखा है।

किसानों को नहीं दिए जाएंगे 1750 रुपये प्रति क्विंटल से कम रेट

केंद्र की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के तहत धान की खरीद की जाएगी। जिसमें ‘ए’ ग्रेड का 1770 व सामान्य श्रेणी के लिए 1750 रुपये प्रति क्विंटल से कम रेट किसानों को नहीं दिए जाएंगे।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, सहकारिता विभाग, अन्य नामित संस्थाओं और कमीशन एजेंटों के माध्यम से धान क्रय किया जाएगा। कृषि उत्पादन एवं मंडी परिषद नोडल एजेंसी के रूप में क्रय संस्थाओं का सहयोग करेगी।

जिलाधिकारी, उप संभागीय विपणन अधिकारी व संभागीय खाद्य नियंत्रक द्वारा क्रय केंद्रों व मंडियों में धान की आवक व बाजार भाव की समीक्षा के साथ क्रय की निगरानी की जाएगी। प्रमुख सचिव आनंद बर्द्घन ने बताया कि खरीद नीति के अनुसार एक अक्तूबर से पूरे प्रदेश में धान की खरीद शुरू की जाएगी, जो 28 फरवरी 2019 तक चलेगी। रविवार व राजपत्रित अवकाशों को छोड़ कर शेष कार्य दिवसों में धान क्रय केंद्र खुले रहेंगे। 

मंडल – क्रय केंद्र – धान खरीद का लक्ष्य
गढ़वाल – 27     – 30 हजार मीट्रिक टन
कुमाऊं – 151   – 1.20 लाख मीट्रिक टन

Back to top button