2019 के चुनाव के बाद देश को मिलेगा नया प्रधानमंत्री: अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भरोसा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद देश को नया प्रधानमंत्री मिलेगा। उनको भरोसा है कि विपक्षी दल एक होकर भाजपा के खिलाफ अपने अभियान में सफल होंगे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता नई सरकार और नया प्रधानमंत्री चाहती है।2019 के चुनाव के बाद देश को मिलेगा नया प्रधानमंत्री: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव से जब यह पूछा गया कि वर्ष 2019 में आम चुनाव के बाद वह किसे देश के अगले प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं, राहुल गांधी को या खुद को। अखिलेश यादव ने कहा कि देश चाहता है कि नई सरकार बने और देश को नया प्रधानमंत्री मिले। उन्होंने कहा कि मुझे तो यह भरोसा है कि 2019 में लोकसभा चुनाव के बाद देश को नया प्रधानमंत्री मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि जिसे प्रधानमंत्री बनना है, वह यूपी से आ जाये। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल में चार जगह पर उपचुनाव में कांग्रेस ने दो स्थानों पर सपा और बसपा को अपना समर्थन दिया था।

लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के के बीच तालमेल के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में भी आपको जल्द ही पता लग जायेगा। उन्होंने कहा कि उनके बसपा प्रमुख मायावती से अच्छे संबंध है और उनकी पार्टी उन सभी शक्तियों के साथ है जिनकी लड़ाई सामाजिक न्याय के लिये है और जो सामाजिक एकता की हिमायती हैं। कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम भी गठबंधन के पक्ष में है। भाजपा ने केंद्र में 47 दलों के साथ गठबंधन बनाया है। उत्तर प्रदेश में भी यह गठबंधन की सरकार चला रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन के बारे में अखिलेश यादव ने कहा कि हमने लोगों से विकास के नाम पर वोट मांगे जबकि भाजपा लोगों को जाति और धर्म के आधार पर विभाजित करती रही। तीन तलाक के संबंध में विधेयक सदन में लंबित होने के सवाल के उत्तर को टालते हुए उन्होंने कहा कि विधेयक जब चर्चा के लिये आयेगा तो आपको हमारी पार्टी के रूख के बारे में पता चल जायेगा।

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की गंगा सफाई योजना के बारे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि गंगा मां ने बुलाया है, लेकिन, ”जो गंगा को धोखा दे सकते हैं। वह आम जनता को क्या बख्शेगें। अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गंगा पहले से ज्यादा प्रदूषित हो गयी है। गंगा की सहायक नदियों की सफाई किये बिना गंगा की सफाई संभव नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा भाजपा उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की विकास योजनाओं का प्रचार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी उन्ही योजनाओं का पुन: शिलान्यास कर रहे हैं जिनका हमारी सरकार पहले ही शिलान्यास कर चुकी है।

Back to top button