राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे की हत्या मामले में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, एक और शख्स गिरफ्तार

हैती (Haiti) के अधिकारियों ने राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे की हत्या (Jovenel Moise Assassination) के मुख्य साजिशकर्ताओं के साथ काम करने के आरोप में हैती के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है. हैती की राष्ट्रीय पुलिस के प्रमुख ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस प्रमुख लियोन चार्ल्स ने संदिग्ध की पहचान क्रिस्टियन एमैनुएल सैनन के तौर पर की है. उन्होंने संदिग्ध के बारे में और कोई जानकारी मुहैया नहीं कराई. हालांकि ऐसा प्रतीत होता है कि वह फ्लोरिडा में रहता है. पुलिस प्रमुख ने कथित मुख्य साजिशकर्ताओं के संबंध में भी कोई जानकारी मुहैया नहीं कराई है.
चार्ल्स ने बताया कि अधिकारियों को सैनन के घर से ‘यूएस ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन’ के ‘लोगो‘ वाली एक टोपी, गोलियों के 20 बक्से, बंदूक के पुर्जे, डोमिनिकन गणराज्य की चार ऑटोमोबाइल लाइसेंस प्लेट, दो कार, अज्ञात लोगों से जुड़े दस्तावेज समेत काफी सामान मिला है. उन्होंने कहा, ‘‘हम आगे कार्रवाई जारी रखेंगे’’ उन्होंने कहा कि मोइसे के घर पर गत मुंगलवार रात हुए हमले में पुलिस जांच कर रही है. गौरतलब है कि राष्ट्रपति मोइसे के निजी आवास में कुछ अज्ञात लोगों के समूह ने गत मंगलवार देर रात हमला कर उनकी हत्या कर दी थी. इस हमले में मोइसे की पत्नी एवं प्रथम महिला मार्टिनी मोइसे को भी गोली लगी थी, जिनका मियामी के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.
चार्ल्स ने बताया कि राष्ट्रपति की हत्या के मामले में कोलंबिया के 26 लोग संदिग्ध हैं, जिनमें से 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पांच की तलाश जारी है जबकि कम से कम तीन मारे गए हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ वे खतरनाक हैं.’’ पुलिस प्रमुख ने कहा कि पुलिस कथित साजिश और उससे जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए कोलंबिया के उच्च अधिकारियों के साथ भी मिलकर काम कर रही है. सैनन उस कम्पनी के सम्पर्क में था, जो नेताओं को सुरक्षा प्रदान करती है और जिसने संदिग्धों की नियुक्त की थी. संदिग्ध जून की शुरुआत में हैती आए थे. इन संदिग्धों का पहला लक्ष्य सैनन को सुरक्षा प्रदान करना था, लेकिन बाद में उन्हें राष्ट्रपति को गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया. उन्होंने कहा, ‘‘ वहीं से इस अभियान की शुरुआत हुई.’’ इसके बाद 22 अन्य संदिग्ध समूह में शामिल हुए और हैती के नागरिकों से सम्पर्क किया गया.
चार्ल्स ने बताया कि राष्ट्रपति मोइसे की हत्या के बाद संदिग्धों में से एक ने सैनन को फोन किया, जिसने इसके बाद साजिश रचने वाले दो मुख्य लोगों से सम्पर्क किया. उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि मुख्य साजिशकर्ता की पहचान क्या है या पुलिस को उसके बारे में पता है या नहीं.





