विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा निर्वाचन आयोग, एक दिवसीय कार्यशाला का करेगा आयोजन

जयपुर/ भरत राज: विधानसभा आम चुनाव-2018 को स्वतंत्र-निष्पक्ष-शांतिपूर्ण और निर्विघ्न सम्पन्न कराने में भारत निर्वाचन आयोग और निर्वाचन विभाग कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता. यही वजह है कि 25 अगस्त को प्रदेश के संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों और पुलिस महानिरीक्षकों को एक दिवसीय चुनाव संबधी प्रशिक्षण दिया जाएगा. सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में होने वाले इस कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के उप चुनाव आयुक्त, महानिदेशक और निदेशक स्तर के अधिकारी प्रदेश के अधिकारियों को चुनाव संबंधी तैयारियों के बारे में जानकारी देंगे.   

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगाराम ने बताया कि चुनाव के दौरान कम से कम परेशानियों का सामना करना पड़े और आने वाली परेशानियों का अविलंब निस्तारण हो सके इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारीगण प्रदेश के अधिकारियों को एक दिन का चुनाव संबंधी प्रशिक्षण देंगे. प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मैनेजमेंट प्लान, वल्नरबिलिटी मैंपिंग और आदर्श आचार संहिता से जुड़े विषय पर उप चुनाव आयुक्त संदीप सक्सेना और निदेशक निखिल कुमार विस्तार से चर्चा करेंगे. 

ईआर और ईआरओ नेट पर आईटी निदेशक वीएन शुक्ला और प्रमुख सचिव एनएन बूटोलिया अधिकारियों को बताएंगे. जबकि सुविधा, सुगम और समाधान जैसी आई टी एप्लीकेशंस पर शुक्ला विस्तार से जानकारी देंगे. इसी दौरान निदेशक निखिल कुमार और परामर्शदाता विपिन कटारा ईवीएम-वीवीपैट और विभिन्न एप्स के बारे में तकनीकी और व्यवहारिक जानकारियों से अधिकारियों को रूबरू बरवाएंगे. आय-व्यय के निदेशक विक्रम बत्रा चुनाव के दौरान होने वाले खर्च और उन पर रखने वाली निगरानी के बारे में और पेड न्यूज, फेक न्यूज और मीडिया से जुड़े विषयों पर महानिदेशक धीरेन्द्र ओझा विस्तार से चर्चा करेंगे. गौरतलब है कि इन तैयारियों को माह के अंत या अगले माह की शुरूआत में आने फुल कमीशन की यात्रा की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है.

Back to top button