लुधियाना।पुलिस स्टेशन जोधां में चोरी के मामले में गिरफ्तार किए युवक की शकी हालातों में मौत हो गई। मरने वाले के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि युवक की मौत पुलिस द्वारा टॉर्चर करने के कारण हुई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है।
– पता चलते ही एसपी गुरदीप सिंह, डीएसपी जसविंदर सिंह बराड मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच के बाद लाश को सिविल अस्पताल लुधियाना भेज दिया। युवक की पहचान मंडी अहमदगढ़ के रहने वाले अंशु कालड़ा के रूप में की गई है।
– डीएसपी ने बताया कि छपार मेले के दौरान युवक ने कई लोगों की जेब काटी थी। पुलिस के पास इसकी सीसीटीवी फुटेज है। उसी के आधार पर युवक को गिरफ्तार किया गया था। युवक को मंगलवार को कोर्ट में पेश करना था। लेकिन देर शाम उसकी मौत हो गई। मंगलवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लाश का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
एसएचओ गायब, संतरी ने बंद किया थाने का गेट
– घटना के बाद थाना जोधां के गेट बंद कर दिए गए। सूचना मिलने पर कामरेड तरसेम सिंह जोधां के अलावा आसपास के लोग करीब दो घंटे थाने के बाहर खड़े रहे। एसएचओ नहीं थे, संतरी ने किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया। मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस गेट बंद कर अपनी कार्रवाई में जुटी रही।
– सिविल अस्पताल में लाश को रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए। फ्रीजर में पड़ी लावारिस लाश को निकाल कर युवक की लाश को रखा गया। मरने वाले अंशु के चचेरे भाई हरीश कालड़ा ने बताया कि अंशु के पिता की मौत हो चुकी थी और मां बोल नहीं सकती है।
– परिवार का इकलौता बेटा था। उसने आरोप लगाया कि अंशु की मौत पुलिस की ओर से टॉर्चर से हुई। मौत के बाद पुलिस ने किसी के जरिए संदेश भिजवाया कि मामले में समझौता कर लो। हरीश के मुताबिक पुलिस ने अंशु के साथ सानी नाम के युवक को भी उठाया है।
सुल्तान खोलेगा बाकी राज
– पूर्व विधायक कामरेड तरसेम जोधां लगभग रात 11.00 बजे लुधियाना से सीधे थाना जोधां पहुंचे। उन्होंने पुलिस मुलाजिमों को पूर्व विधायक का हवाला देकर गेट खोलने का कहा, इसके बावजूद उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। तभी आला-अफसर भी वहां आए। जब जोधां ने युवक की मौत का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि एसएचओ मुताबिक हार्टअटैक से युवक की मौत हुई। बाद में पुलिस ने कहा कि अंशु ने फंदा लगा लिया।
– लगभग 1.00 बजे मंडी अहमदगढ़ के वॉर्ड 8 में लगते छन्ना रोड पर पहुंचे कामरेड जोधा को नूर मोहम्मद ने बताया कि उनका बेटा सुल्तान भी एक हफ्ते से जोधां पुलिस की अवैध हिरासत में है। उसके बताने पर ही अंशु को दो दिन बाद पकड़ा था। इलाके के लोग आज मंडी अहमदगढ़ में बाजार बंद कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
महिला कांस्टेबल भी लगा चुकी हैं फांसी
– इसी साल 9 जून की रात थाना जोधां में ड्यूटी पर मौजूद महिला कांस्टेबल अमनप्रीत कौर ने फंदा लगाकर खुदकुशी की थी। अगले दिन उसके घरवालों ने धरना लगाया तो आरोपी हैड मुंशी निर्भय सिंह पर खुदकुशी के लिए उकसाने का पर्चा दर्ज किया गया था। पीड़ित परिवार का तो यहां तक आरोप था कि अमनप्रीत ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि कत्ल करके उसकी लाश लटकाई गई है।