‘पुलिस चौकी के सामने बिकता है गांजा!’ निडर छात्र का अफसर से सवाल, तालियां बजाने लगे लोग

भारत में एक दौर था, जब पूरे देश की छात्र-शक्ति साथ आ गई थी, जिसके बाद सत्ता को भी उनके आगे झुकना पड़ा था. पर आज के वक्त में युवा सोशल मीडिया पर इतने ज्यादा व्यस्थ हो चुके हैं, कि वो समाज सुधार की बातें नहीं करते. हालांकि, कुछ लोग इस दौर में भी प्रशासन से सवाल पूछते हैं और देश को सुधारने में योगदान देते हैं. इस बात का सबूत एक वायरल वीडियो में देखने को मिल रहा है, जिसमें एक छात्र ने बेधड़क होकर एक सीनियर पुलिस कर्मी से नशीले पदार्थ बिकने पर ऐसा सवाल पूछ लिया, कि पूरे हॉल में तालियां बजने लगीं, लेकिन, इस वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी का जवाब नहीं दिखाया गया है, ऐसे में ये नहीं मालूम लग पा रहा है कि चर्चा का नतीजा क्या निकला.

ट्विटर अकाउंट @malpani पर हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जो किसी कॉलेज के फंक्शन का लग रहा है. ढेरों छात्र एक बड़े ऑडिटोरियम में बैठे हुए हैं और स्टेज पर पुलिस के एक बड़े अधिकारी खड़े हैं. उनमें से एक छात्र (Indian student viral video) बिना डरे पुलिस अफसर से सवाल पूछता नजर आ रहा है. उसका सवाल इतना वाजिब है, कि लोग उसे सुनते ही तालियां बजाने लग जाते हैं. युवक की बातों से पता चल रहा है कि कॉलेज में नशा मुक्ति को लेकर सेशन का आयोजन किया गया था.

छात्र ने बेधड़कर होकर पूछा सवाल
पर उसे पुलिस से एक नाराजगी है. वो कहता है कि यूनिवर्सिटी नशे का सबसे बड़ा एपिसेंटर है. वो कहता है कि आज के वक्त में गांजा मिलना, या नशे से जुड़ी कोई सामग्री मिलना, टॉफी-चॉकलेट जितना आसान हो गया है. छात्र कहता है- सर अगर फर्स्ट ईयर या सेकंड ईयर का बच्चा गांजे के डीलर को पकड़ सकता है, तो पुलिस क्यों नहीं कर पाती? अंत में छात्र कहता है कि कॉलेज के सामने पुलिस चौकी के पास ही गांजा बिकता है. वो पूछता है कि क्या उन्हें नहीं लगता कि ये पुलिस की नाकामी है? युवक के इस सवाल पर हॉल में तालियां बजने लगती हैं और सब उसका समर्थन करने लगते हैं. हालांकि, वीडियो में पुलिस अफसर के जवाब को नहीं दिखाया गया है.

वीडियो हो रहा है वायरल
खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 6 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि उसे ये जानने में रुचि है कि पुलिसकर्मी क्या बोलता है. कई लोगों ने कहा कि छात्रों को इतना ही निडर होने की आवश्यकता है. एक ने कहा कि शख्स के अंदर नेता बनने की सारी क्वालिटी है.

Back to top button